Weather Update: नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है. पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश का असर अब मैदानी इलाकों तक साफ दिखाई देने लगा है. तापमान में गिरावट, ठंडी हवाएं और घना कोहरा लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों को लेकर कई राज्यों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले चार से पांच दिनों तक बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है. इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले छह से सात दिनों के दौरान शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है. ऐसे हालात में दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ने की संभावना है.