जब बात होती है अनुशासन, समय की पाबंदी और तकनीकी तरक्की की, तो जापान का नाम सबसे पहले आता है. 'उगते सूरज का देश' कहलाने वाला जापान केवल अपनी आधुनिकता के लिए ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों और जीवनशैली के लिए भी पूरी दुनिया में जाना जाता है. आइए जानें जापान से जुड़ी कुछ अनोखी और दिलचस्प बातें, जो इसे दुनिया के बाकी देशों से अलग बनाती हैं.
समय का सबसे ज्यादा सम्मान
जापान में समय को अत्यंत कीमती माना जाता है. यहां की ट्रेनें भी समय की इतनी पाबंद होती हैं कि 30 सेकेंड से ज़्यादा देर से चलना भी लेट माना जाता है. पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इतना अनुशासित होना दुनिया भर के देशों के लिए मिसाल है.
बच्चों को बचपन जीने की आज़ादी
यहां एक खास नियम है जापान में 10 साल की उम्र तक बच्चों को कोई परीक्षा नहीं देनी पड़ती. इसका उद्देश्य है कि बच्चे पढ़ाई के तनाव से दूर रहकर अपने शुरुआती वर्षों को आनंदपूर्वक जी सकें और नैतिक मूल्यों को बेहतर तरीके से सीख सकें.
सार्वजनिक शिष्टाचार में है सख्ती
जापान में सार्वजनिक जगहों पर जोर से बोलना, छींकना या किसी चीज़ को सूंघना असभ्य माना जाता है. यहां तक कि दो लोगों का हाथ पकड़कर चलना भी सामाजिक रूप से सही नहीं माना जाता. जापानियों की विनम्रता उनके रोज़मर्रा के व्यवहार में साफ झलकती है.
अभिवादन में झुकना है सम्मान का प्रतीक
जापानी संस्कृति में सम्मान दिखाने के लिए झुककर अभिवादन करना आम है. जितना अधिक झुकाव, उतना अधिक सम्मान. यह परंपरा बताती है कि वहां व्यक्ति का पद चाहे कुछ भी हो, विनम्रता सबसे बड़ी पहचान मानी जाती है.
स्वच्छता और लंबी उम्र की आदतें
जापान में स्वच्छता जीवनशैली का हिस्सा है. स्कूलों में छात्र और शिक्षक खुद मिलकर क्लासरूम की सफाई करते हैं. यहां के लोग इतने अनुशासित और स्वास्थ्य-सचेत होते हैं कि जापानियों की औसत आयु 82 वर्ष है, जो दुनिया में सबसे अधिक मानी जाती है.
ये भी पढ़ें: इमरान खान को मिलिट्री हेडक्वार्टर पर हमले समेत 8 मामलों में मिली जमानत, जेल से कब आएंगे बाहर?