Jasmin Lamboria: वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत की जैस्मिन लेंबोरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 57 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीत लिया. यह भारत के लिए इस प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक है.
फाइनल में जैस्मिन का सामना हुआ पोलैंड की जूलिया सेरेमेटा से, जिन्होंने हाल ही में पेरिस ओलंपिक्स 2024 में सिल्वर मेडल जीता था. पहले राउंड में जैस्मिन थोड़ी पीछे थीं, लेकिन दूसरे राउंड से उन्होंने आक्रामक वापसी की और 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
पेरिस से पलटवार, हार से मिली प्रेरणा
मैच के बाद जैस्मिन ने कहा, "पेरिस ओलंपिक्स में मेरा प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था. वहाँ से जल्दी बाहर हो जाना मेरे लिए बड़ा झटका था. लेकिन मैंने ठान लिया था कि अगली बार खुद को साबित कर के दिखाऊँगी." उनकी इस जिद और मेहनत ने ही उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया.
सेमीफाइनल में एकतरफा जीत
सेमीफाइनल में जैस्मिन ने वेनेजुएला की ओमैलिन अल्काला को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था. उनका आत्मविश्वास और तकनीक दोनों ही शीर्ष स्तर के रहे. भारत की नूपुर शेरॉन को 80 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. उन्हें फाइनल में पोलैंड की अगाता काज्मार्स्का के खिलाफ हार मिली. वहीं पूजा रानी ने 80 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. उनका सेमीफाइनल मुकाबला ब्रिटेन की एमिली एस्क्विथ से था, जिसमें वे हार गईं.
भारत की बेटियों का दम
इस चैंपियनशिप में जैस्मिन लेंबोरिया की गोल्डन जीत के साथ-साथ अन्य महिला बॉक्सर्स का प्रदर्शन यह दिखाता है कि भारत की बेटियाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न सिर्फ टिक रही हैं, बल्कि जीत भी रही हैं. यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि हर उस खिलाड़ी की उम्मीद है जो कभी हार के अंधेरे में था.
यह भी पढ़ें- आज असम दौरे पर रहेंगे PM Modi, 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देंगे सौगात; जानें पूरा कार्यक्रम