पंजाबी फिल्म जगत के लोकप्रिय हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला अब इस दुनिया में नहीं रहे. शुक्रवार सुबह उन्होंने मोहाली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली.
65 वर्षीय भल्ला को बुधवार शाम अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही और शुक्रवार तड़के उनका निधन हो गया.उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त दोपहर 12 बजे, मोहाली के बलोंगी श्मशान घाट में किया जाएगा.
इलाज के दौरान नहीं बचाई जा सकी जान
बीबीसी पंजाबी की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेन स्ट्रोक के कारण उनके मस्तिष्क में खून का बहाव बहुत अधिक हो गया था. डॉक्टर्स की टीम ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन स्थिति गंभीर होती गई और वे जीवन की जंग हार गए. भल्ला पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, हालांकि उनके परिवार की ओर से स्वास्थ्य को लेकर कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी गई थी.
फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर
जसविंदर भल्ला के निधन की खबर फैलते ही पंजाबी सिनेमा और उनके चाहने वालों में गहरा शोक फैल गया. सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया है. अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने भावुक पोस्ट में लिखा "उनका जाना मेरे लिए किसी निजी क्षति से कम नहीं. वह मेरे मेंटर, मार्गदर्शक और पिता जैसे थे. उनकी कही बातें हमेशा याद रहेंगी."वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिखा "छनकटा की हंसी अब हमेशा के लिए मौन हो गई. जसविंदर भल्ला जी का यूं अचानक जाना बहुत दुखद है."
जसविंदर भल्ला एक बहुमुखी कलाकार
4 मई 1960 को पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा में जन्मे जसविंदर भल्ला ने तीन दशकों से अधिक समय तक पंजाबी सिनेमा और थिएटर में अपने अभिनय का लोहा मनवाया. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1988 में की थी और ‘छनकटा’ कॉमिक सीरीज से घर-घर अपनी पहचान बनाई. फिल्मों में उनकी बेजोड़ कॉमिक टाइमिंग, व्यंग्यात्मक शैली और सामाजिक मुद्दों पर करारा व्यंग्य उन्हें खास बनाता था. उनकी सबसे लोकप्रिय फिल्मों में Carry On Jatta, Jatt & Juliet, Munde U.K. De जैसी कई हिट्स शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: ‘बैटल ऑफ गलवान’ के सेट से आई पहली तस्वीर, सलमान खान का दिखा अलग अंदाज