अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इन दिनों सुर्खियों में हैं — वजह न तो कोई राजनीतिक बयान है, न ही कोई सरकारी कदम, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद है. हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में वेंस ने अपनी पत्नी उषा वेंस के धर्म को लेकर जो टिप्पणी की, उसने ना सिर्फ सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी बल्कि अब उनकी एक वायरल तस्वीर ने इस विवाद को और भड़का दिया है.
जेडी वेंस ने कुछ दिन पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपनी पत्नी उषा वेंस के धर्म को लेकर कहा था कि वे “उम्मीद करते हैं कि एक दिन उनकी पत्नी, जो हिंदू हैं, ईसाई धर्म अपना लें.” उन्होंने यह भी जोड़ा कि उषा धार्मिक रूप से बहुत अधिक सक्रिय नहीं हैं, लेकिन शायद भविष्य में कैथोलिक चर्च से प्रभावित हो सकती हैं.उनका यह बयान अमेरिकी मीडिया में तेजी से फैल गया और कई लोगों ने इसे धार्मिक असंवेदनशीलता से जोड़कर आलोचना की. इसी के कुछ दिन बाद, वेंस की एक और तस्वीर सामने आई जिसने मामले को और ज्यादा तूल दे दिया.
एरिका किर्क के साथ तस्वीर ने बढ़ाई अटकलें
29 अक्टूबर को मिसिसिपी यूनिवर्सिटी में आयोजित Turning Point USA के कार्यक्रम के दौरान जेडी वेंस चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुए थे. मंच पर उनकी मुलाकात दिवंगत कंज़र्वेटिव लीडर चार्ली किर्क की पत्नी एरिका किर्क से हुई. कार्यक्रम में एरिका ने मंच से कहा, कोई भी मेरे पति की जगह नहीं ले सकता, लेकिन मुझे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस में अपने पति जैसी कुछ समानताएं दिखती हैं. इस दौरान दोनों ने मंच पर एक-दूसरे को गले लगाया और उसी क्षण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. बस, इसके बाद से ही तलाक की अफवाहों ने सोशल मीडिया पर जोर पकड़ लिया.
Vance announces divorce, marries Charlie Kirk’s widow by the end of 2026. https://t.co/waBOG8EYXi
— Shannon Watts (@shannonrwatts) October 30, 2025
सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
ट्विटर (अब X) पर वेंस और एरिका किर्क की तस्वीरों पर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कुछ लोगों ने दोनों के रिश्ते पर सवाल उठाए, तो कुछ ने वेंस के हालिया धार्मिक बयान को इन अफवाहों से जोड़कर देखा. इसी बीच, न्यूयॉर्क टाइम्स की लेखिका शैनन वॉट्स ने एक सनसनीखेज दावा करते हुए पोस्ट किया कि वेंस अगले साल तक तलाक की घोषणा करेंगे और एरिका किर्क से शादी करेंगे.यह ट्वीट अब तक 8.8 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जिससे विवाद और गहरा गया है. हालांकि, न तो जेडी वेंस और न ही एरिका किर्क ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है.
तलाक की अफवाहों पर वेंस का जवाब
बढ़ते विवाद के बीच जेडी वेंस ने अपनी चुप्पी तोड़ी और एक्स पर एक बयान जारी किया. उन्होंने लिखा कि उनकी पत्नी उषा वेंस के धर्म परिवर्तन की कोई योजना नहीं है, और वे दोनों एक-दूसरे का सम्मान करते हैं. वेंस ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर चल रही तलाक की खबरें सिर्फ अफवाहें हैं और उनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.
गलतफहमी और अफवाहों का जाल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वेंस के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया, जिससे मामला बेवजह तूल पकड़ गया. अमेरिका जैसे बहुधार्मिक और विविध समाज में इस तरह की टिप्पणियां अक्सर गलत व्याख्या का शिकार हो जाती हैं. वहीं, वेंस और उनकी पत्नी उषा की जोड़ी अब भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ दिखाई देती है, जो इस बात की पुष्टि करती है कि उनके रिश्ते में किसी तरह की खटास नहीं है.
निजी जीवन पर पब्लिक की नजर
जेडी वेंस एक प्रभावशाली और संभावित भावी राष्ट्रपति उम्मीदवार माने जाते हैं, ऐसे में उनके निजी जीवन पर पब्लिक की निगाहें हमेशा बनी रहती हैं. लेकिन इस बार मामला कुछ ज्यादा ही निजी मोड़ ले चुका है. एक ओर, धर्म परिवर्तन की टिप्पणी को लेकर आलोचना जारी है, और दूसरी ओर, वायरल तस्वीर ने उनके पारिवारिक जीवन को चर्चा का विषय बना दिया है.
यह भी पढ़ेंः 'यह UN है, गुप्त चैट नहीं...' क्यूबा के विदेश मंत्री ने अमेरिकी राजदूत को रगड़ा, जानें क्या है मामला