अनुकूल रॉय ने उड़ा दिया गर्दा! 20 गेंदों में बनाए 40 रन, झारखंड ने रच दिया इतिहास

SMAT 2025 Final: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया. पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में झारखंड ने हरियाणा के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने घरेलू क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया.

Jharkhand Team become champions because of anukul roy haryana lost
Image Source: Social Media

SMAT 2025 Final: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया. पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए खिताबी मैच में झारखंड ने हरियाणा के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने घरेलू क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने रनों का अंबार लगा दिया और फिर गेंदबाजों ने हरियाणा की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया.


टॉस जीतकर हरियाणा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय पूरी तरह उल्टा साबित हुआ. झारखंड की शुरुआत भले ही ज्यादा मजबूत न रही हो, लेकिन कप्तान ईशान किशन ने अकेले ही मैच का रुख पलट दिया. ईशान किशन ने 49 गेंदों में 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस शतकीय पारी में 6 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे. दूसरे छोर से विराट सिंह ज्यादा देर टिक नहीं पाए और सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए.

20 गेंदों में 40 रन 

इसके बाद नंबर तीन पर आए कुमार कुशाग्र ने हरियाणा के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला. उन्होंने महज 38 गेंदों में 81 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे. अंतिम ओवरों में अनुकूल रॉय ने 20 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए, जबकि रोबिन मिंज ने 14 गेंदों में नाबाद 31 रनों की तेज पारी खेली.
इन सभी धमाकेदार पारियों के दम पर झारखंड ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 262 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. हरियाणा की ओर से सुमित कुमार, अंशुल कंबोज और सामंत जाखड़ को एक-एक विकेट मिला.

गेंदबाजों ने भी निभाई चैंपियन वाली भूमिका

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. पारी के पहले ओवर में ही विकास सिंह ने हरियाणा के दो अहम बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मैच पर झारखंड की पकड़ मजबूत कर दी.हालांकि यशवर्धन दलाल ने 22 गेंदों में 53 रन बनाकर संघर्ष दिखाया. उनके साथ निशांत सिंधू ने 15 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया. निचले क्रम में सामंत जाखड़ ने 17 गेंदों में 38 रन जरूर बनाए, लेकिन रन रेट का दबाव इतना ज्यादा था कि हरियाणा की टीम लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सकी. आखिरकार हरियाणा की पूरी टीम 193 रनों पर सिमट गई और झारखंड ने यह मुकाबला 69 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया.

झारखंड ने पहली बार जीता सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी

इस जीत के साथ झारखंड ने इतिहास रच दिया. टीम ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीतकर घरेलू क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बना ली. कप्तान ईशान किशन की अगुवाई में झारखंड का यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा, जहां बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रणनीति—तीनों मोर्चों पर टीम पूरी तरह हावी नजर आई.

यह भी पढ़ें: घने कोहरे के कारण रद्द हुआ था लखनऊ T20 मैच, अब UPCA करेगा सभी टिकटों का रिफंड