अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इन दिनों भारत दौरे पर हैं और उनकी हर गतिविधि सुर्खियां बटोर रही है. आगरा में ताजमहल की खूबसूरती निहारने से लेकर गुजरात के जामनगर स्थित वंतारा सेंटर का दौरा करने तक—उनकी भारत यात्रा बेहद खास रही. लेकिन इस दौरे का असली मकसद है उदयपुर में होने वाली एक हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग, जिसकी चर्चा देश-विदेश में जोरों पर है.
जूनियर ट्रंप की भारत यात्रा की असली वजह है झीलों की नगरी उदयपुर, जहां अमेरिकी-भारतीय अरबपति रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना की शादी धूमधाम से होने वाली है.नेत्रा, जो इंजीनियस फार्मास्यूटिकल की सीईओ हैं, 21 से 23 नवंबर के बीच जग मंदिर परिसर में वामसी गड़ीराजू के साथ शादी के पवित्र फेरे लेंगी. वामसी का कारोबार फूड टेक और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री से जुड़ा है.मंटेना परिवार का ट्रंप परिवार से करीबी रिश्ता माना जाता है और यही कारण है कि ट्रंप जूनियर को इस शाही शादी में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है.
जगमगाएगा पूरा पिछोला क्षेत्र, वेडिंग वेन्यू बना रॉयल कैनवास
उदयपुर के पिछोला झील का इलाका फिलहाल एक मिनी-रॉयल सेट की तरह सजा नजर आ रहा है.जग मंदिर, लीला पैलेस और सिटी पैलेस के माणक चौक को भव्य सजावट से निखारा गया है. वेडिंग के अलग-अलग समारोह शहर के अलग-अलग राजसी स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे.बारात पिछोला की बड़ी पाल से रवाना होगी, जहां बाराती पारंपरिक राजस्थानी साफा, पाग और मेवाड़ी परिधानों में दिखाई देंगे, जिससे शादी का रॉयल रंग और भी गहरा होगा.
लीला पैलेस में ठहरेंगे ट्रंप जूनियर, सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतज़ाम
ट्रंप जूनियर के उदयपुर पहुंचने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया है.पिछोला झील के बीच स्थित शानदार लीला पैलेस में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है, जहां अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही पहुंचकर सुरक्षा इंतज़ामों की जांच की है.
हॉलीवुड-बॉलीवुड से लेकर ग्लोबल बिजनेस जगत दिग्गजों की मौजूदगी
यह शादी सिर्फ भारत नहीं बल्कि दुनिया भर के सेलेब्रिटीज़ के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है.सूत्रों की मानें तो समारोह में प्रस्तुति देने के लिए कई इंटरनेशनल कलाकार पहुंच रहे हैं, जिनमें शामिल हैं. जस्टिन बीबर, जेनिफर लोपेज, टिएस्टो, ब्लैक कॉफी, सर्क डू सोलेइल और डीजे अमन नागपाल.वहीं बॉलीवुड से ऋतिक रोशन, रणवीर सिंह, शाहिद कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और कृति सैनन के शामिल होने की संभावना है.
अंबानी परिवार के मेहमान बने ट्रंप जूनियर, वंतारा में की खास विजिट
उदयपुर जाने से पहले ट्रंप जूनियर ने गुजरात के जामनगर में वंतारा वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर का दौरा किया.अनंत अंबानी के साथ उन्होंने सेंटर का निरीक्षण किया और यहां के मंदिरों का भी भ्रमण किया. अंबानी परिवार से उनका पुराना जुड़ाव माना जाता है, जिसकी झलक इस विजिट में भी दिखी.
ताजमहल की खूबसूरती में खोए ट्रंप जूनियर
उनकी भारत यात्रा की शुरुआत आगरा से हुई, जहां उन्होंने ताजमहल का दीदार किया.करीब एक घंटे की सुरक्षा-व्यवस्था से घिरी इस यात्रा में ट्रंप जूनियर ने प्रतिष्ठित डायना बेंच पर भी तस्वीरें खिंचवाईं. आगरा यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं.भारत आने का यह मौका ट्रंप जूनियर के लिए सिर्फ एक शादी भर नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, मेहमाननवाज़ी और आधुनिक विकास का एक खूबसूरत अनुभव भी बन गया है. उदयपुर में होने वाली यह शाही शादी आने वाले दिनों में देश-विदेश की सुर्खियों का बड़ा हिस्सा बनने वाली है.
यह भी पढ़ें: ब्राजील में COP30 क्लाइमेट समिट के हॉल में भीषण आग, भारत के पर्यावरण मंत्री भी वहीं थे मौजूद, 13 घायल