FBI डायरेक्टर काश पटेल पर बड़ा विवाद, गर्लफ्रेंड को VIP सुरक्षा दिलाने के आरोपों से ट्रंप प्रशासन में हलचल

अमेरिकी राजनीति एक बार फिर नए विवाद से हिल गई है. एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल पर ऐसे आरोप लगे हैं, जिनके चलते व्हाइट हाउस तक दबाव महसूस कर रहा है. दावा है कि पटेल ने अपनी गर्लफ्रेंड और सिंगर एलेक्सिस विल्किंस को सरकारी संसाधनों के जरिए विशेष सुरक्षा दिलाई.

Kash Patel Girlfriend Controversy President trump consider remove his name from white house know why
Image Source: Social Media

अमेरिकी राजनीति एक बार फिर नए विवाद से हिल गई है. एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल पर ऐसे आरोप लगे हैं, जिनके चलते व्हाइट हाउस तक दबाव महसूस कर रहा है. दावा है कि पटेल ने अपनी गर्लफ्रेंड और सिंगर एलेक्सिस विल्किंस को सरकारी संसाधनों के जरिए विशेष सुरक्षा दिलाई. यह रिपोर्ट सामने आने के बाद अमेरिकी मीडिया में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है और चर्चाओं का दौर तेज़ हो गया है कि क्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन्हें पद से हटाने की तैयारी में हैं.


मामला तब गर्माया जब ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि काश पटेल ने सुरक्षा नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी गर्लफ्रेंड के लिए FBI एजेंट्स और सरकारी सुविधाओं का प्रयोग किया. आलोचकों ने इसे एजेंसी के प्रोटोकॉल का सीधा उल्लंघन बताया है. रिपोर्ट जारी होने के कुछ घंटों बाद ही यह मुद्दा वॉशिंगटन की सबसे बड़ी राजनीतिक चर्चा बन गया.

ट्रंप प्रशासन के भीतर बढ़ती नाखुशी

अमेरिकी चैनल ‘MS NOW’ ने दावा किया है कि ट्रंप और उनके प्रमुख सलाहकार हालिया विवादों से बेहद नाराज़ हैं. सूत्रों के अनुसार, व्हाइट हाउस के अंदर पटेल की स्थिति “काफी कमजोर” बताई जा रही है. एफबीआई के संसाधनों का व्यक्तिगत उपयोग, गर्लफ्रेंड के शो में जाने के लिए सरकारी जेट की उड़ान और सुरक्षा में SWAT टीम की तैनाती जैसे आरोपों ने पटेल के खिलाफ माहौल और खराब कर दिया है. सूत्रों का यह भी कहना है कि ट्रंप ने उनके संभावित उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है और फ़िलहाल एंड्रू बेली का नाम सबसे ऊपर चल रहा है. हालांकि, अंतिम निर्णय ट्रंप आने वाले हफ्तों में ही लेंगे.

व्हाइट हाउस का पलटवार

इस खबर के सामने आने के बाद व्हाइट हाउस ने तुरंत बचाव का मोर्चा संभाला. प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि ट्रंप प्रशासन पटेल पर पूरा भरोसा करता है. थैंक्सगिविंग कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप ने भी सार्वजनिक रूप से पटेल की प्रशंसा की और उनके साथ फोटो खिंचवाकर उनका समर्थन दिखाया.हालांकि, राजनीति में अक्सर सच्चाई और रणनीति खुलकर सामने नहीं आती, इसलिए इन बयानों के बावजूद अंदरखाने असंतोष गहराने की खबरें लगातार जारी हैं.

अटॉर्नी जनरल की नाराजगी ने बढ़ाई मुश्किलें

रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी, काश पटेल और डैन बोंगिनो दोनों से नाराज़ हैं. खास करके पटेल के उन सोशल मीडिया पोस्ट्स पर जो जांच से जुड़े मामलों को समय से पहले उजागर कर रहे थे. यही नहीं, टैक्सपेयर्स के पैसों के दुरुपयोग की शिकायतों ने पटेल की स्थिति को और कमजोर कर दिया है. एक व्हिसलब्लोअर ने यह चौंकाने वाला दावा भी किया कि पटेल ने सरकारी जेट का इस्तेमाल अपनी गर्लफ्रेंड के शो में जाने के लिए किया था. आलोचकों ने इसे “डेट नाइट फ्लाइट” तक कह दिया.

क्या एंड्रू बेली होंगे नए FBI डायरेक्टर?

परिस्थिति गंभीर होते देख एंड्रू बेली का नाम तेजी से आगे बढ़ रहा है. सितंबर में उन्हें को-डिप्टी डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया था और एजेंसी के भीतर उन्हें एक अनुभवी और शांत नेतृत्व के रूप में देखा जाता है. फेडरल कानून भी कहता है कि वह 15 दिसंबर से अंतरिम डायरेक्टर की भूमिका संभाल सकते हैं और बिना संसदीय अनुमति के 210 दिनों तक इस पद पर बने रह सकते हैं.

इस बीच, व्हाइट हाउस पटेल का बचाव करता दिख रहा है, लेकिन लगातार बढ़ते विवादों से यह साफ है कि काश पटेल की कुर्सी पहले जैसी मजबूत नहीं रही. आने वाले हफ्ते इस पूरे मामले में सबसे अहम साबित होंगे. यह देखना दिलचस्प होगा कि ट्रंप प्रशासन किस दिशा में फैसला लेता है—समर्थन जारी रखेगा या बदलाव की ओर कदम बढ़ाएगा.

यह भी पढ़ें: PM मोदी की सुरक्षा व्यवस्था पर इजराइल ने जताया पूरा भरोसा... भारत दौरे रद्द पर होने पर बोले इजरायली PMO