नवरात्रि का उल्लास मातम में बदल गया, जब मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में एक बड़ा हादसा हो गया. देवी प्रतिमा के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई. इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें अधिकतर मासूम बच्चियां शामिल हैं. हादसा पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव में हुआ.
नवरात्रि विसर्जन यात्रा का दर्दनाक अंत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम अर्दला और जामली से लगभग 30–35 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देवी प्रतिमा के विसर्जन के लिए तालाब की ओर जा रहे थे. पुलिया पार करते समय ट्रॉली पर भीड़ अधिक हो गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे तालाब में जा गिरा. शुरुआत में 5 लोगों की मौत की खबर थी, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है.
20 से ज्यादा लोगों के डूबने की आशंका
हादसे में अब तक जिन शवों को निकाला गया है, उनमें 8 बच्चियां शामिल हैं. यह हादसा इतना भीषण था कि तालाब में मौजूद कई लोग डूब गए. प्रशासन को आशंका है कि 20 से अधिक लोग अब भी लापता हो सकते हैं. जेसीबी की मदद से ट्रॉली को तालाब से बाहर निकाला जा चुका है, और राहत-बचाव अभियान अभी भी जारी है.
SDRF, पुलिस और प्रशासन मौके पर जुटे
इंदौर (ग्रामीण) रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने जानकारी दी कि हादसा मूर्ति विसर्जन के समय हुआ, जब ट्रॉली पर श्रद्धालु सवार थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, प्रशासन, SDRF की टीमें, और स्थानीय गोताखोर मौके पर रेस्क्यू में लगे हैं. 5-6 लोग हादसे के बाद किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में कामयाब हुए हैं. वहीं, हादसे की खबर मिलते ही खंडवा कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया. पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
सीएम मोहन यादव ने भी घटना पर दुख जताया है. एक्स पर उन्होंने लिखा कि खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद है. शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. सीएम ने मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है.
ये भी पढ़ें: पहले बेरहमी से पीटा, फिर काट डाला प्राइवेट पार्ट... MP के नरसिंहपुर में दिल दहला देने वाली वारदात