भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर मैदान में उतरने को तैयार है. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 11 दिसंबर से होने जा रही है. इस सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान 3 दिसंबर को किया गया, जिसमें कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले. कप्तानी में बदलाव से लेकर कुछ सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका और कुछ नामों की गैरमौजूदगी तक, चयनकर्ताओं के फैसले चर्चा का विषय बने हुए हैं.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली थी, लेकिन अब हाल ही में चोट से वापसी करने वाले शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है. यह फैसला भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया माना जा रहा है. गिल की फिटनेस को लेकर पहले सवाल थे, लेकिन पूरी तरह से उबरने के बाद उन्हें सीधे कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. दिलचस्प बात यह है कि केएल राहुल टीम के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज होंगे, इसके बावजूद उन्हें उपकप्तान नहीं बनाया गया.
श्रेयस अय्यर की उपकप्तान के रूप में वापसी
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है और उन्हें एक बार फिर उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भी वे शुभमन गिल के साथ उपकप्तान की भूमिका में थे.गौरतलब है कि उसी ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान अय्यर को गंभीर चोट लगी थी. उनकी पसलियों में चोट के चलते तिल्ली (स्प्लीन) फट गई थी, जिसके बाद उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में रहना पड़ा. अब चोट से उबरने के बाद उनकी टीम में वापसी हुई है और चयनकर्ताओं ने उन पर फिर भरोसा जताया है.
फिटनेस टेस्ट के अधीन रहेंगे श्रेयस अय्यर
हालांकि श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन बीसीसीआई ने साफ किया है कि उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा. बोर्ड ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर अय्यर फिट नहीं पाए गए, तो उनकी जगह टीम में किसे शामिल किया जाएगा. ऐसे में उनकी उपलब्धता पर अभी संशय बना हुआ है.
हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी
जहां एक ओर श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है, वहीं हार्दिक पांड्या को इस वनडे सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है. चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर रहने वाले हार्दिक को हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की संभावित योजनाओं का हिस्सा माना जा रहा है.बीसीसीआई ने साफ किया है कि हार्दिक फिलहाल एक मैच में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए फिट नहीं हैं. उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें इस सीरीज से दूर रखा गया है, ताकि उन्हें आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सके.
भारत की वनडे टीम (न्यूजीलैंड के खिलाफ)
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल
नई सीरीज, नए संकेत
न्यूजीलैंड के खिलाफ यह वनडे सीरीज भारतीय टीम के भविष्य की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही है. शुभमन गिल की कप्तानी, श्रेयस अय्यर की फिटनेस और हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति ये सभी पहलू आने वाले समय में टीम संयोजन पर गहरा असर डाल सकते हैं. अब देखना होगा कि यह नई नेतृत्व व्यवस्था मैदान पर कितना असरदार साबित होती है.
यह भी पढ़ें: नए साल के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी का नहीं चला बल्ला, फिर भी तोड़ डाला ये 19 साल पुराना रिकॉर्ड