Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी की दुनिया में कुछ कहानियां बार-बार लौटती हैं और हर बार पहले से ज़्यादा इमोशनल, ज़्यादा ड्रामैटिक बनकर आती हैं. एकता कपूर की ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ भी ऐसी ही कोशिश कर रहा है. हालांकि शो को टीआरपी की रेस में अभी तक वो कामयाबी नहीं मिल पाई है, लेकिन अब कहानी में जो मोड़ आने वाला है, वो दर्शकों को स्क्रीन से चिपका सकता है.
हाल ही के एपिसोड्स में देखा गया कि शांति निकेतन में जन्माष्टमी का जश्न धूमधाम से मनाया गया. पूरे परिवार के बीच प्यार और अपनापन झलकता नजर आया, लेकिन हर उत्सव की चमक के पीछे छुपा होता है कोई ना कोई राज़. इसी दौरान परिधि के साथ अजय का वहां पहुंचना, फिर परिधि का किसी अजनबी से फोन पर बात करना, कहानी को एक रहस्यमयी मोड़ की तरफ ले जाता है.
नॉयना की चालें और तुलसी-मिहिर का रिश्ता
अब कहानी ने एक ऐसा रुख पकड़ा है जहां नॉयना तुलसी और मिहिर के रिश्ते में दरार डालने की कोशिश कर रही है. वो मिहिर के सामने खुद को तुलसी से बेहतर साबित करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही. बातों ही बातों में वो मिहिर को पुरानी यादों में खींचने लगती है, लेकिन मिहिर अभी तक उसकी इन हरकतों को नज़रअंदाज़ करता है. मगर लंबे समय तक ऐसा नहीं चलेगा. आने वाले एपिसोड में मिहिर के दिल में नॉयना के लिए एक बार फिर से पुराने जज़्बात जागने लगेंगे और यही से शुरू होगा एक नया घमासान.
परिधि का सच और तुलसी की तफ्तीश
इस बीच नंदिनी एक बड़ा खुलासा करने जा रही है. वह तुलसी को बताएगी कि परिधि एक रहस्यमय शख्स से मिल रही है. ये बात सुनकर तुलसी स्तब्ध रह जाएगी. वो तय कर लेगी कि वो इस रहस्य की तह तक जाएगी, चाहे इसके लिए उसे कुछ भी करना पड़े. इस मिशन में नंदिनी उसका साथ देने वाली है. परिधि सिर्फ राज़ नहीं छुपा रही, बल्कि अब वो ससुराल में चोरी भी करने वाली है. इसके बाद शांति निकेतन में बड़ा हंगामा मचने वाला है. मामला तब और गंभीर हो जाएगा जब तुलसी को अपनी ही बेटी के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता चलेगा.
घर की इज़्ज़त या बेटी की सच्चाई
अब तुलसी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा, क्या वो अपनी बेटी की हकीकत को सबके सामने लाएगी? या फिर परिवार की इज़्ज़त बचाने के लिए चुप रहेगी? लेकिन अगर आप तुलसी को जानते हैं, तो इतना तय है, वो सच छुपाने वालों में से नहीं है. ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ अब धीरे-धीरे उस मोड़ पर पहुंच रहा है जहां हर किरदार का असली चेहरा सामने आने वाला है. आने वाले हफ्तों में शो में बड़े ट्विस्ट्स, रिश्तों की उलझन और भावनाओं का तूफान देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें- सिर्फ 48 गेंद, 108 रन... एशिया कप में चयन होने के बाद इस क्रिकेटर का दिखा रौद्र रूप, विरोधियों को चटाई धूल