Salman Tyagi suicide: दिल्ली की मंडोली जेल नंबर-15 में बंद कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है, लेकिन असली कारणों की पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है. शनिवार सुबह जेल प्रशासन को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और जांच प्रक्रिया शुरू की गई.
सलमान त्यागी पर MCOCA, हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं के तहत दर्जनों केस चल रहे थे. अपराध की दुनिया में उसका नाम लंबे समय से सक्रिय था और उसे दिल्ली-एनसीआर के सबसे खतरनाक गैंगस्टर्स में गिना जाता था.
In Delhi's Mandoli jail, a gangster named Salman Tyagi died allegedly by suicide by hanging himself. The incident took place in jail number 15, and his body was found hanging from a noose this morning. Probe underway, say police.
— ANI (@ANI) August 16, 2025
Several cases of murder, extortion and under…
जेल में रहते रचता था अपराध की साजिशें
जांच में सामने आया है कि सलमान त्यागी ने सुभाष नगर में दो सगे भाइयों पर फायरिंग की साजिश भी जेल में रहते हुए रची थी. इस वारदात को उसके गिरोह के शूटरों ने अंजाम दिया था. यह मामला जेल की सुरक्षा और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है, आखिर कैसे सलाखों के पीछे बैठा अपराधी बाहर बैठे गुर्गों को निर्देश देता रहा?
लॉरेंस बिश्नोई से था गहरा कनेक्शन
सूत्रों के अनुसार, सलमान त्यागी का संबंध चर्चित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से भी था. वह लंबे समय से लॉरेंस गिरोह के लिए काम कर रहा था और एक्सटॉर्शन, फायरिंग जैसी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल था. कुछ समय पहले जेल प्रशासन ने सलमान के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया था, जिससे उसके गिरोह के साथ संपर्क में रहने की पुष्टि हुई थी.
जांच के घेरे में जेल प्रशासन
इस घटना ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है. पहले से ही जेलों में कैदियों के मोबाइल रखने, बाहर की दुनिया से संपर्क और अपराध संचालित करने की घटनाएं सामने आती रही हैं. अब सलमान त्यागी की मौत ने जेल सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. पुलिस और जेल प्रशासन दोनों इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं. आगामी रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वाकई आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है.
यह भी पढ़ें- अलास्का में ट्रंप ने रेड कार्पेट पर किया पुतिन का स्वागत, एक ही कार में हुए सवार, शुरू हुई अहम बैठक