स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन के लिए अपनाएं ये रूटीन, पर्सनालिटी में भी दिखेगा बड़ा बदलाव

Benefits Of Waking Up Early: भारतीय समाज में स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियां जैसे डायबिटीज, मोटापा और उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ रही हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इस विषय को लेकर कई बार चिंता जता चुका है.

lifestyle Adopt this routine for a healthy and energetic life waking up at this time increases focus
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Benefits Of Waking Up Early: भारतीय समाज में स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियां जैसे डायबिटीज, मोटापा और उच्च रक्तचाप तेजी से बढ़ रही हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इस विषय को लेकर कई बार चिंता जता चुका है. विशेषज्ञों का मानना है कि इसके पीछे मुख्य कारण हमारी जीवनशैली और खानपान में आई गड़बड़ी है. देर रात तक जागना, असमय सोना और देर से उठना जैसी आदतें धीरे-धीरे शरीर की सेहत को प्रभावित कर रही हैं. प्राचीन भारतीय कहावत भी इसे प्रमाणित करती है, "जवानी में सोया तो बुढ़ापे में रोया, जो जल्दी उठा उसने सब कुछ पाया." इस संदर्भ में सुबह जल्दी उठने की आदत अपनाना बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

आज हम बात कर रहे हैं सुबह 4.30 बजे उठने की आदत की. आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं और समय की कमी के कारण इसे नियमित रूप से करना चुनौतीपूर्ण लगता है. लेकिन अध्ययन बताते हैं कि यदि कोई व्यक्ति लगातार 21 दिन तक सुबह 4 से 6 बजे के बीच उठने की आदत डालता है, तो इससे न केवल शरीर में सकारात्मक बदलाव आते हैं बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है.

ब्रह्म मुहूर्त पर शोध

NCBI में प्रकाशित एक अध्ययन में भारत में प्रचलित ब्रह्म मुहूर्त प्रथा का परीक्षण किया गया. अध्ययन में दो समूह बनाए गए, एक समूह को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4.30 बजे उठने के लिए कहा गया, जबकि दूसरे समूह ने सामान्य समय, यानी सुबह 7 बजे से पहले उठना जारी रखा. शोध के दौरान 1, 10 और 20 दिनों के अंतराल पर इन दोनों समूहों की कार्यक्षमता, फोकस और स्मरण शक्ति का मूल्यांकन किया गया. परिणामों में स्पष्ट देखा गया कि ब्रह्म मुहूर्त में उठने वाले व्यक्तियों की याददाश्त बेहतर हुई और उनकी ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ी.

विशेष रूप से भारतीय जीवन शैली और परंपराओं को ध्यान में रखते हुए यह देखा गया कि ब्रह्म मुहूर्त में उठने से मानसिक स्पष्टता, फोकस और उत्पादकता में सुधार होता है.

सुबह जल्दी उठने के लाभ

फोकस और मेंटल स्वास्थ्य में सुधार

सुबह जल्दी उठने से मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. ब्रह्म मुहूर्त में वातावरण शांत होता है और इस दौरान सूर्य के उदय को देखना व्यक्ति की आंतरिक शक्ति और स्थिरता को बढ़ाता है. साथ ही, सुबह के समय हवा में ऑक्सीजन का स्तर अधिक होता है, जिससे शरीर नई ऊर्जा से भर जाता है. यह आदत मानसिक फोकस और उत्पादकता को बढ़ाने में मदद करती है.

दिनचर्या और कार्य प्रबंधन में सुधार

सुबह जल्दी उठने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि व्यक्ति के पास अपने दिन की योजना बनाने और उसे क्रियान्वित करने का पर्याप्त समय होता है. दिन के शुरुआती समय में महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जाने से बाकी दिन का समय व्यवस्थित और संतुलित रहता है. शोध और विशेषज्ञ सुझाव देते हैं कि किसी भी नई आदत को पूरी तरह से अपनाने में कम से कम 21 दिन लगते हैं.

पर्सनालिटी और आत्मविश्वास में सुधार

जो लोग नियमित रूप से सुबह जल्दी उठते हैं, उनमें जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास बढ़ता है. सुबह का समय जिम, योग या हल्की एक्सरसाइज के लिए सबसे उपयुक्त होता है, जिससे शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है. इसके साथ ही पढ़ाई, बुक रीडिंग या अन्य ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए भी सुबह का समय सबसे प्रभावशाली माना जाता है.

हार्मोन बैलेंस

सुबह जल्दी उठने से कोर्टिसोल हार्मोन प्राकृतिक रूप से सक्रिय होता है. इसका सीधा लाभ यह है कि दिनभर ऊर्जा बनी रहती है और थकान या सुस्ती का अनुभव कम होता है.

अनुशासन और समय प्रबंधन

सुबह जल्दी उठने से जीवन में अनुशासन आता है. व्यक्ति बेहतर निर्णय लेने में सक्षम होता है और समय का अधिक प्रभावी प्रबंधन कर पाता है. नियमित सुबह की आदत से जीवन में स्थिरता, संतुलन और मानसिक संतोष भी बढ़ता है.

ये भी पढ़ें- कैसी है धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म Ikkis? जानिए इस वॉर ड्रामा से जुड़ी 5 खास बातें