Lifestyle News: ठंडी सुबह, रजाई की गर्माहट और अलार्म की आवाज़, सर्दियों में दिन की शुरुआत अक्सर इन्हीं के बीच उलझी रहती है. लेकिन कई लोगों के लिए समस्या सिर्फ बिस्तर छोड़ने की नहीं होती, बल्कि आंख खुलते ही शरीर में अजीब-सा भारीपन, सुस्ती और थकान महसूस होने लगती है. पूरी नींद लेने के बाद भी मन काम करने का नहीं करता, सिर भारी लगता है और शरीर जैसे साथ ही नहीं देता.
अगर कभी-कभार ऐसा हो, तो इसे मौसम का असर मानकर टाला जा सकता है, लेकिन जब यह थकान रोज़ सुबह आपका इंतजार करने लगे, तो यह इशारा है कि शरीर अंदर ही अंदर कुछ बता रहा है. सर्दियों में रूटीन बिगड़ना, फिजिकल एक्टिविटी कम होना और धूप की कमी आम बात है, लेकिन लगातार बनी रहने वाली थकान को नजरअंदाज करना आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकता है.
नींद पूरी, फिर भी थकान क्यों?
दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के मेडिसिन विभाग में कार्यरत डॉ. अजीत कुमार के अनुसार, सिर्फ नींद की अवधि नहीं, बल्कि नींद की गुणवत्ता भी उतनी ही ज़रूरी होती है. देर रात तक जागना, सोने से पहले मोबाइल या स्क्रीन देखना और बार-बार नींद टूटना शरीर को पूरा आराम नहीं लेने देता.
सर्दियों में लोग देर तक बिस्तर में पड़े रहते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि उस दौरान नींद गहरी हो. नतीजा यह होता है कि सुबह उठते ही शरीर सुस्त और दिमाग भारी महसूस करता है.
शरीर में पानी की कमी
ठंड के मौसम में प्यास कम लगती है, इसलिए लोग अनजाने में कम पानी पीने लगते हैं. लेकिन शरीर को पानी की ज़रूरत हर मौसम में बराबर होती है. डिहाइड्रेशन की वजह से मांसपेशियों में कमजोरी, सिर भारी लगना और सुबह उठते ही थकान महसूस होना आम लक्षण हैं. कई बार लोग इसे मौसम की सुस्ती समझ लेते हैं, जबकि असल कारण शरीर में पानी की कमी होती है.
विटामिन डी की कमी
सर्दियों में धूप कम निकलती है और लोग बाहर निकलना भी कम कर देते हैं. इससे शरीर में विटामिन डी की कमी हो सकती है. विटामिन डी सिर्फ हड्डियों के लिए ही नहीं, बल्कि एनर्जी लेवल और मांसपेशियों की ताकत के लिए भी ज़रूरी होता है. इसकी कमी होने पर शरीर जल्दी थकने लगता है और सुबह उठते ही भारीपन महसूस हो सकता है.
तनाव और मानसिक थकावट
थकान हमेशा शारीरिक नहीं होती. लगातार तनाव, चिंता, काम का दबाव या ओवरथिंकिंग दिमाग को आराम नहीं करने देती. जब दिमाग ठीक से रिलैक्स नहीं कर पाता, तो उसका असर सीधे शरीर पर दिखता है. ऐसे में नींद के बाद भी ताजगी महसूस नहीं होती और सुबह की शुरुआत ही बोझिल लगने लगती है.
शारीरिक गतिविधि की कमी
सर्दियों में ठंड के कारण लोग टहलना, एक्सरसाइज या योग छोड़ देते हैं. लंबे समय तक कम मूवमेंट से मांसपेशियां सुस्त हो जाती हैं और शरीर एक्टिव मोड में नहीं आ पाता. नतीजतन, सुबह उठते ही शरीर भारी लगता है और दिनभर आलस बना रहता है.
कैसे रखें शरीर को एक्टिव और दिन की शुरुआत फ्रेश?
सुबह की थकान से बचना मुश्किल नहीं है, बस रोज़मर्रा की आदतों में थोड़े बदलाव की ज़रूरत है.
ये छोटी आदतें भी करें शामिल...
अगर इन सबके बावजूद भी सुबह की थकान लगातार बनी रहती है, तो इसे हल्के में न लें और डॉक्टर से सलाह ज़रूर लें. समय रहते कारण पता चल जाए, तो बड़ी समस्या से बचा जा सकता है.
ये भी पढ़ें- Whatsapp पर लगा पाएंगे कवर फोटो, कंपनी जल्द ला रही कमाल का फीचर; जानें कैसे करें इस्तेमाल?