MP के युवाओं के लिए खुशखबरी! अब UPSC की तर्ज पर होगा सिंगल एंट्रेंस एग्जाम, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

Single Exam Announcement in MP: मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की राह अब और आसान होने जा रही है. बार-बार अलग-अलग परीक्षाओं की झंझट खत्म होने वाली है, क्योंकि राज्य में यूपीएससी की तर्ज पर एक ही कॉमन एग्जाम सिस्टम लागू किया जाएगा.

Like UPSC a single exam will now cover all government recruitments in Madhya Pradesh
Image Source: Social Media

Single Exam Announcement in MP: मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की राह अब और आसान होने जा रही है. बार-बार अलग-अलग परीक्षाओं की झंझट खत्म होने वाली है, क्योंकि राज्य में यूपीएससी की तर्ज पर एक ही कॉमन एग्जाम सिस्टम लागू किया जाएगा. सीएम मोहन यादव ने यह बड़ी घोषणा राज्य कर्मचारी संघ के दिवाली मिलन समारोह में की. उनका कहना है कि इससे उम्मीदवारों को नौकरी मिलने में तेजी आएगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

कॉमन एग्जाम सिस्टम से मिलेगी रोजगार में तेजी

सीएम मोहन यादव ने बताया कि पहले अलग-अलग विभागों की भर्ती परीक्षाएं अलग-अलग समय पर आयोजित होती थीं, जिससे चयन प्रक्रिया लंबी हो जाती थी. अब एक सिंगल एग्जाम सिस्टम लागू होगा, जो सभी सरकारी भर्तियों के लिए एक समान होगा. यह बदलाव नौकरी चाहने वालों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा और सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाएगा.

पुलिस में 20 हजार से ज्यादा रिक्त पदों को भरने का लक्ष्य

सीएम ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग में लगभग 20 हजार रिक्त पदों को अगले तीन साल में भरने का काम पूरा किया जाएगा. इसके साथ ही वेतन विसंगतियों और ग्रेड पे में सुधार के लिए सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में कर्मचारी आयोग का गठन किया जाएगा. इस आयोग के माध्यम से कर्मचारियों और अधिकारियों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाएगा.

अधिकारी-कर्मचारियों को प्रमोशन और भत्तों में सुधार

सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रमोशन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रयास लगातार जारी हैं और थोड़ी देर के बाद सभी मुद्दों का समाधान हो जाएगा. महंगाई भत्तों को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समान भत्ते देने का काम तेजी से चल रहा है. अक्टूबर तक पांच समान किस्तों में एरियर्स देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. इसके साथ ही अधिकारियों के आवास की व्यवस्था और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ देने का काम भी हो रहा है.

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 19,504 नए पद

सीएम ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के 19,504 नए पद भरे जाएंगे. इसके अलावा, जनवरी 2005 या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए यूपीएस देने की समिति भी गठित की गई है. उन्होंने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने में कर्मचारी ही सबसे महत्वपूर्ण हैं और उनकी खुशी सरकार की ताकत है.

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश को 1 नवंबर से मिलने वाली है नई उड़ान, पीएमश्री पर्यटन हेली सेवा से जुड़ेंगे ये प्रमुख शहर