फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक लम्हा आने वाला है, क्योंकि अर्जेंटीना के महानतम फुटबॉल खिलाड़ी और दुनिया भर में GOAT (ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम) के नाम से मशहूर लियोनेल मेसी जल्द ही भारत की धरती पर कदम रखने जा रहे हैं. उनके इस बहुप्रतीक्षित भारत दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है और यह दौरा न सिर्फ खेल के क्षेत्र में, बल्कि भारत और विश्व फुटबॉल संस्कृति के बीच एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है.
मेसी का ‘GOAT इंडिया टूर’ 12 दिसंबर को कोलकाता से शुरू होगा, जो फुटबॉल के प्रति अपनी दीवानगी के लिए पूरे भारत में जाना जाता है. यह वही कोलकाता है, जहां साल 2011 में मेसी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जब वे अर्जेंटीना टीम के साथ साल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच खेलने आए थे. करीब 14 साल बाद, कोलकाता फिर से उसी उत्साह और गर्व के साथ मेसी का स्वागत करने को तैयार है.
इस दौरे के दौरान मेसी 2 दिन कोलकाता में बिताएंगे और यहां कई प्रमुख गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, जिनमें युवाओं के लिए फुटबॉल मास्टरक्लास, सांस्कृतिक समारोह, और स्थानीय व्यंजनों से लेकर अर्जेंटीना की खासियत माटे चाय तक का स्वाद शामिल है.
13 दिसंबर: फुटबॉल, संगीत और संस्कृति का संगम
13 दिसंबर को कोलकाता में होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत एक विशेष "मीट-एंड-ग्रीट" से होगी, जहां मेसी फैंस से मिलेंगे और भारतीय संस्कृति की झलक देखेंगे. इस कार्यक्रम को और खास बनाएगा एक फूड और टी फेस्टिवल, जहां बंगाली फिश, मिठाइयां और अर्जेंटीना-असम टी का फ्यूजन पेश किया जाएगा. आयोजकों का कहना है कि यह फेस्टिवल केवल स्वाद का नहीं, बल्कि भारत और अर्जेंटीना की आत्माओं के मिलन का प्रतीक होगा.
इसके बाद मेसी के नाम पर एक विशाल स्टैच्यू का उद्घाटन भी किया जाएगा, जो अब तक का उनका सबसे बड़ा स्टैच्यू होगा. यह प्रतिमा भारत में मेसी के फैंस के समर्पण और फुटबॉल के प्रति उनके प्रेम की एक स्थायी स्मृति होगी.
एक और खास आकर्षण होगा GOAT कॉन्सर्ट और एक 7-a-side फुटबॉल मैच, जिसमें मेसी के साथ भारतीय खेल और फिल्म जगत की नामचीन हस्तियां जैसे सौरव गांगुली, बाइचुंग भूटिया, लिएंडर पेस और जॉन अब्राहम मैदान में उतरेंगे.
इस दिन एक 25 फीट ऊंचा और 20 फीट चौड़ा म्यूरल भी तैयार किया जाएगा, जिस पर मेसी के प्रशंसक अपने संदेश लिख सकेंगे. इस म्यूरल को बाद में मेसी को तोहफे के रूप में दिया जाएगा.
13 की शाम अहमदाबाद, फिर मुंबई में बड़ा जलसा
13 दिसंबर की शाम मेसी कोलकाता से अहमदाबाद जाएंगे, जहां वे अडाणी फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक निजी समारोह में हिस्सा लेंगे. इसके बाद 14 दिसंबर को वह मुंबई पहुंचेंगे, जहां CCI ब्रेबॉर्न क्लब में एक और मीट-एंड-ग्रीट का आयोजन होगा.
मुंबई में सबसे भव्य आयोजन होगा वानखेड़े स्टेडियम में, जहां एक और GOAT कॉन्सर्ट के साथ GOAT कप खेला जाएगा. इस अनोखे इवेंट में मेसी के साथ शाहरुख खान, लिएंडर पेस और कई अन्य नामी हस्तियां पैडल टेनिस खेलते नजर आएंगे. यह स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट की दुनिया का एक दिलचस्प मेल होगा.
'मास्टर ब्लास्टर्स मोमेंट' में होंगे क्रिकेट के दिग्गज
मुंबई में आयोजित होने वाले "मास्टर ब्लास्टर्स मोमेंट" को इस दौरे का सबसे चर्चित सेगमेंट माना जा रहा है. इस आयोजन में सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, रोहित शर्मा, और फिल्म इंडस्ट्री से रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ जैसे सितारे मेसी से मिलेंगे. यह एक ऐसा क्षण होगा जहां भारत के सबसे चहेते सितारे और विश्व फुटबॉल का चेहरा एक ही मंच पर होंगे.
दिल्ली में पीएम मोदी से होगी ऐतिहासिक मुलाकात
15 दिसंबर को मेसी भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचेंगे. यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि यह भारत और वैश्विक खेल समुदाय के बीच संबंधों को और गहरा करने का प्रतीक बन सकती है.
इसी दिन मेसी, विराट कोहली और शुभमन गिल के साथ फिरोजशाह कोटला ग्राउंड में एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच भी खेलेंगे. यह आयोजन खास तौर पर युवा दर्शकों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है.
सुरक्षा और टिकट व्यवस्था, सख्ती और तैयारी
मेसी की भारत यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं. आयोजकों ने बताया कि हर आयोजन स्थल पर हाई-लेवल सिक्योरिटी व्यवस्था रहेगी, ताकि मेसी और दर्शकों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
सभी इवेंट्स की टिकटें ₹3,500 से शुरू होंगी और आयोजकों को उम्मीद है कि हर आयोजन हाउसफुल रहेगा. टिकटों की बिक्री जल्दी ही ऑनलाइन माध्यमों पर शुरू की जाएगी.
ये भी पढ़ें- 'मैं राष्ट्रपति न होता तो पुतिन अब तक पूरा यूक्रेन...' अलास्का के रास्ते में ट्रंप का बड़ा दावा, Video