Los Angeles Olympic: लॉस एंजेलिस ओलिंपिक 2028 का विस्तृत शेड्यूल आखिरकार जारी कर दिया गया है. 14 जुलाई से शुरू होकर 30 जुलाई तक चलने वाले इन खेलों में कई ऐतिहासिक पल दर्ज होने वाले हैं. सबसे खास बात यह है कि ओलिंपिक इतिहास में पहली बार महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक होगी. क्रिकेट, बेसबॉल, सॉफ्टबॉल और स्क्वॉश जैसे खेलों की वापसी और नए इवेंट्स की एंट्री इस बार के खेलों को अब तक का सबसे बड़ा ओलिंपिक बना देगी.
एक सदी बाद क्रिकेट फिर से ओलिंपिक में लौट रहा है. टूर्नामेंट के मुकाबले 12 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 29 जुलाई को खेला जाएगा. पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों के टी20 फॉर्मेट के मैच होंगे. यह पहली बार होगा जब ओलिंपिक में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान जैसी टीमें एक साथ ओलिंपिक मैदान पर दिखेंगी.
सबसे बड़ा ओलिंपिक
लॉस एंजेलिस 2028 अब तक का सबसे बड़ा ओलिंपिक होने जा रहा है. इस बार 36 खेलों में मुकाबले होंगे.
इसके लिए 49 वेन्यू और 18 जोन तय किए गए हैं, जो लॉस एंजेलिस और ओक्लाहोमा सिटी तक फैले होंगे. ओपनिंग सेरेमनी 14 जुलाई को और क्लोजिंग सेरेमनी 30 जुलाई को आयोजित होगी.
महिलाओं की ऐतिहासिक बढ़त
लॉस एंजेलिस ओलिंपिक में कुल खिलाड़ियों में 50.5% महिलाएं होंगी. यह ओलिंपिक इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा महिला प्रतिनिधित्व है. पहली बार हर टीम स्पोर्ट में महिलाओं की टीमें पुरुषों के बराबर या उनसे अधिक होंगी.
पहला दिन पूरी तरह महिला खिलाड़ियों के नाम रहेगा, जिसमें महिला ट्रायथलॉन, 100 मीटर, शॉटपुट, जूडो, फेंसिंग, रग्बी सेवन और 10 मीटर एयर राइफल जैसे इवेंट्स में गोल्ड मेडल तय होंगे.
ट्रायथलॉन और एथलेटिक्स से शुरुआत
इस बार ओलिंपिक का पहला गोल्ड मेडल महिला ट्रायथलॉन में दिया जाएगा. यह मुकाबला प्रसिद्ध वेनिस बीच पर होगा.
एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं पहले सप्ताह में होंगी, जबकि स्विमिंग के मुकाबले दूसरे सप्ताह में तय किए गए हैं. क्लोजिंग सेरेमनी से ठीक पहले स्विमिंग में आखिरी गोल्ड मेडल दिया जाएगा.
बेसबॉल और सॉफ्टबॉल की वापसी
टोक्यो 2020 के बाद बेसबॉल और सॉफ्टबॉल फिर से ओलिंपिक का हिस्सा बनेंगे. बेसबॉल मुकाबले ओपनिंग सेरेमनी से पहले शुरू होंगे, जबकि सॉफ्टबॉल का फाइनल 15वें दिन खेला जाएगा.
आयोजकों के अनुसार, इन दोनों खेलों की वापसी से अमेरिकी दर्शकों की भागीदारी और भी बढ़ेगी.
सबसे ज्यादा फाइनल्स वाला दिन
नए खेलों की एंट्री
लॉस एंजेलिस 2028 में दो नए खेल शामिल किए गए हैं- फ्लैग फुटबॉल और स्क्वॉश. फ्लैग फुटबॉल के पुरुष फाइनल सातवें दिन और महिला फाइनल आठवें दिन खेले जाएंगे.
स्क्वॉश के महिला फाइनल नौवें दिन और पुरुष फाइनल 10वें दिन होंगे.
टिकट रजिस्ट्रेशन जनवरी 2026 से
LA28 आयोजन समिति के CEO रेनॉल्ड हूवर ने बताया कि टिकट रजिस्ट्रेशन जनवरी 2026 से शुरू होगा. उन्होंने कहा, "यह सही समय है तय करने का कि आप कौन-से मुकाबले देखना चाहते हैं, कौन-से खेल आपके शहर में होंगे और कौन-से ऐतिहासिक पल आप मिस नहीं करना चाहेंगे."
ये भी पढ़ें- LAC के पास भारतीय वायुसेना का दबदबा! 13,700 फीट की ऊंचाई पर बनकर तैयार हुआ न्योमा एयरबेस, जानें खासियत