Rishabh Pant Captaincy: IPL 2026 में फ्लॉप हुई LSG, शर्मनाक सीजन के बाद जाएगी ऋषभ पंत की कप्तानी?

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स का सफर बेहद निराशाजनक रहा. टीम लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही.

LSG flopped in IPL 2026 Rishabh Pant captaincy options for leadership role
Image Source: ANI

Rishabh Pant Captaincy: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स का सफर बेहद निराशाजनक रहा. टीम लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही. ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 14 लीग मैचों में सिर्फ 4 मुकाबले जीते और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही. टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अब कप्तानी को लेकर बड़े बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं.

पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद लखनऊ सुपरजायंट्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने साफ कहा कि टीम को अगले सीजन के लिए नई शुरुआत पर विचार करना होगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूडी ने कहा कि टीम की लीडरशिप को लेकर गंभीरता से समीक्षा की जाएगी और भविष्य के लिए नए विकल्पों पर विचार किया जा सकता है.

क्यों खतरे में है पंत की कप्तानी?

ऋषभ पंत को कप्तानी से हटाए जाने के पीछे कई वजहें मानी जा रही हैं. ऐसा नहीं है कि पंत में कप्तानी की क्षमता नहीं है. इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स की भी कप्तानी कर चुके हैं, लेकिन दबाव की स्थिति में टीम को संभालने में वह सफल नहीं रहे.

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स ने मेगा ऑक्शन के जरिए मजबूत टीम तैयार की थी, लेकिन पूरे सीजन टीम सही कॉम्बिनेशन नहीं खोज पाई. किस खिलाड़ी को किस क्रम पर खिलाना है और किस परिस्थिति में कैसे इस्तेमाल करना है, इसी में टीम उलझी रही.

सीजन की शुरुआत में पंत ने खुद टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. इसके चलते निकोलस पूरन को मिडिल ऑर्डर में भेजा गया, जहां वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए. बाद में टीम ने फिर बदलाव करते हुए पूरन को तीसरे नंबर पर भेजना शुरू किया. लगातार बदलावों के कारण टीम का संतुलन बिगड़ता गया और इसका असर पूरे सीजन में देखने को मिला.

27 करोड़ में खरीदे गए थे पंत

आईपीएल 2024 के खराब प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपरजायंट्स ने मेगा ऑक्शन में लगभग पूरी टीम बदल दी थी. फ्रेंचाइजी ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था. लेकिन इतने बड़े निवेश के बावजूद टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा.

पंत की कप्तानी में लखनऊ लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही. वहीं बल्लेबाजी में भी पंत का प्रदर्शन काफी साधारण रहा. यही वजह है कि अब टीम मैनेजमेंट उनकी कप्तानी पर दोबारा विचार कर रहा है.

बल्ले से भी नहीं चला पंत का जादू

आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत का बल्ला भी उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. उन्होंने 14 मैचों में 138.05 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 312 रन बनाए. पूरे सीजन में वह केवल एक बार ही अर्धशतक लगाने में सफल रहे.

अगर पिछले सीजन की बात करें तो आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन और भी खराब रहा था. उस सीजन पंत ने 14 मैचों में सिर्फ 269 रन बनाए थे. लीग स्टेज के आखिर में शतक लगाने के बाद ही उनका रन आंकड़ा थोड़ा बेहतर दिखा, वरना पूरा सीजन उनके लिए बेहद खराब रहा.

लगातार खराब प्रदर्शन और टीम की नाकामी के बाद अब यह माना जा रहा है कि अगले सीजन में लखनऊ सुपरजायंट्स नई कप्तानी के साथ मैदान में उतर सकती है.

ये भी पढ़ें- IPL 2026 Playoff: 1 स्पॉट, 3 दावेदार और 2 मैच बाकी... RR, PBKS और KKR कैसे कर सकती है क्वालीफाई?