मादुरो का 'डांस' मूव नहीं आया पसंद, तो उठा ले गई डेल्टा फोर्स! अमेरिकी अखबार में चौंकाने वाला दावा

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है.

Maduro dance move Doland Trump Delta Force arrested
Image Source: Social Media

Maduro Dance: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है. हालांकि इसके पीछे अक्सर ड्रग तस्करी और तेल संसाधन को कारण बताया जाता रहा है, लेकिन हालिया रिपोर्ट्स में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है, जिसने अमेरिकी प्रशासन को भड़का दिया.

अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो के टीवी पर नाचने-गाने और हल्के-फुल्के सार्वजनिक कार्यक्रम ने अमेरिकी अधिकारियों के धैर्य की सीमा पार कर दी. रिपोर्ट में कहा गया है कि व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी इसे जानबूझकर अमेरिका के प्रति चुनौतीपूर्ण व्यवहार के रूप में देख रहे थे.

मादुरो का व्यवहार और अमेरिका का रुख

मादुरो अक्सर सरकारी प्रसारण में जनता के सामने नाचते-गाते और डांस मूव करते देखे जाते थे. इन कार्यक्रमों में उनका आत्मविश्वास और चुनौतीपूर्ण अंदाज साफ नजर आता था. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी इस व्यवहार को अपने अल्टीमेटम की अवहेलना मान रहे थे.

2025 के अंत में ट्रंप प्रशासन ने मादुरो को तुर्की में निर्वासित होने और सत्ता छोड़ने का प्रस्ताव दिया था, जिसे मादुरो ने ठुकरा दिया. इसके बाद मादुरो ने सार्वजनिक कार्यक्रम जारी रखे और अमेरिका की धमकी का खुले तौर पर विरोध किया. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यही लगातार सार्वजनिक डांस और आत्मविश्वास का प्रदर्शन था जिसने उन्हें सैन्य कार्रवाई का निर्णय लेने पर मजबूर किया.

अमेरिका का ऑपरेशन और गिरफ्तारी

अमेरिका ने 3 जनवरी की आधी रात से विशेष सैन्य ऑपरेशन शुरू किया. डेल्टा फोर्स ने कराकस में मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लिया. दोनों को तुरंत न्यूयॉर्क ले जाया गया और मादुरो को ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया.

मादुरो पर नार्को-आतंकवाद, कोकीन तस्करी और हथियारों के अवैध लेन-देन के गंभीर आरोप हैं. 5 जनवरी को उनकी अमेरिका में अदालत में पेशी हुई और अब इस मामले में सुनवाई मार्च 2026 में निर्धारित की गई है.

ये भी पढ़ें- अल्लाह के नाम पर सीने पर ग्रेनेड लगाकर फटने की ट्रेनिंग, जैश और TTP बच्चों को बना रहे जिहादी, VIDEO