‘महावतार नरसिम्हा’ उन कुछ फिल्मों में शामिल है, जिन्होंने सीमित बजट के बावजूद दर्शकों के दिलों में जगह बनाई और मेकर्स के लिए बड़ी कमाई का रास्ता खोला. 40 करोड़ रुपये के निवेश में बनी इस फिल्म ने भारत में 250 करोड़ और दुनियाभर में कुल 325 करोड़ रुपये की कमाई कर रिकॉर्ड तोड़ दिया. सिनेमाघरों में जबरदस्त हिट होने के बाद यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स और अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया पा रही है.
कोरियोग्राफी पर उठे सवाल
हालांकि फिल्म की कमाई और लोकप्रियता के बावजूद इसे अब कॉपी करने के आरोपों के घेरे में देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया गया है कि फिल्म के प्रमुख एक्शन सीन ‘गॉड ऑफ वॉर’ (2018) के युद्ध दृश्य से बेहद मिलते-जुलते हैं. वीडियो में नरसिम्हा और हिरण्यकश्यप के बीच क्लाइमेक्स युद्ध दिखाया गया है, जिसे स्प्लिट-फ्रेम में क्रेटोस बनाम बलदुर के युद्ध दृश्य के साथ तुलना की गई है. नेटिज़न्स के अनुसार, मूव्स, टाइमिंग और कैमरा एंगल लगभग समान लग रहे हैं.
दर्शकों ने यह भी नोट किया कि एक्शन कोरियोग्राफी में फ्रेम-दर-फ्रेम मेल जैसे संकेत दिखाई दे रहे हैं. इससे भारतीय एनिमेशन इंडस्ट्री में मौलिकता और क्रिएटिविटी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसी तरह, फिल्म के क्लाइमेक्स की तुलना ‘द इनक्रेडिबल हल्क’ के अंतिम युद्ध से भी की गई है. इन वीडियो क्लिप्स ने सोशल मीडिया पर तेजी से ध्यान आकर्षित किया और फिल्म के रचनात्मक अधिकारों पर सवाल खड़े कर दिए.
बॉक्स ऑफिस पर धमाका
‘महावतार नरसिम्हा’ ने अपने छोटे बजट के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. रिपोर्ट्स के अनुसार, 40 करोड़ रुपये की लागत में बनी यह फिल्म 320 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड कमाई कर चुकी है. भारत में 250 करोड़ का कलेक्शन और विदेशों में अतिरिक्त कमाई के साथ, यह फिल्म साल की सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है.
ओटीटी पर सफलता
सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है. ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है. एनिमेटेड और माइथोलॉजिकल कहानियों में रुचि रखने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म खास है.
फिल्म की कहानी
‘महावतार नरसिम्हा’ भगवान विष्णु के 10 अवतारों में से दो अवतारों—वाराह अवतार और नरसिम्हा अवतार—की कहानी दर्शाती है. फिल्म में दर्शकों को इन अवतारों की कथा के साथ-साथ शानदार विजुअल इफेक्ट्स और एक्शन सीन्स देखने को मिलते हैं. इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि सीमित बजट में भी अच्छा कंटेंट, दर्शकों को आकर्षित कर सकता है और बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड बना सकता है. वहीं, कॉपी करने के आरोप इस बात की याद दिलाते हैं कि भारतीय एनिमेशन इंडस्ट्री में मौलिकता और क्रिएटिविटी को लेकर हमेशा चर्चा जारी रहती है.
ये भी पढ़ें: परिणीति और राघव ने बेटे का नाम किया रिवील, सोशल मीडिया पर कपल ने शेयर की तस्वीर