महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय 5-डोर SUV थार रॉक्स का नया ‘स्टार एडिशन’ लॉन्च कर दिया है. यह स्पेशल एडिशन टॉप-स्पेक AX7L ट्रिम पर आधारित है और इसमें कई कॉस्मेटिक और इंटीरियर बदलाव किए गए हैं, जो इसे रेगुलर मॉडल से ज्यादा प्रीमियम और आकर्षक बनाते हैं. कंपनी ने इस एडिशन को खास बनाने के लिए नया सिट्रीन यलो कलर और ब्लैक-आउट इंटीरियर थीम पेश की है.
पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन में उपलब्ध, जानें कीमत
थार रॉक्स स्टार एडिशन की कीमत इंजन और गियरबॉक्स विकल्पों के अनुसार तय की गई है. इसके डीजल मैनुअल वैरिएंट की शुरुआती कीमत ₹16.85 लाख रखी गई है. वहीं, पेट्रोल ऑटोमैटिक वैरिएंट ₹17.85 लाख में मिलेगा. इसका सबसे महंगा डीजल ऑटोमैटिक वैरिएंट ₹18.35 लाख (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध होगा. यह SUV देशभर की महिंद्रा डीलरशिप्स पर बुकिंग के लिए उपलब्ध है.
ग्लॉस-ब्लैक ग्रिल और नया सिट्रीन यलो बना पहचान
थार रॉक्स स्टार एडिशन का लुक इसे रेगुलर मॉडल से अलग बनाता है. जहां स्टैंडर्ड वर्जन में बॉडी-कलर ग्रिल मिलती है, वहीं स्टार एडिशन में ग्लॉस-ब्लैक फिनिश ग्रिल दी गई है. इसके साथ ही ब्लैक अलॉय व्हील्स SUV को ज्यादा दमदार और स्पोर्टी लुक देते हैं.
महिंद्रा ने इस एडिशन के साथ सिट्रीन यलो नाम का नया कलर ऑप्शन पेश किया है. इसके अलावा यह SUV टैंगो रेड, एवरेस्ट व्हाइट और स्टेल्थ ब्लैक रंगों में भी उपलब्ध होगी. पहचान को खास बनाने के लिए इसके C-पिलर पर ‘Star Edition’ का बैज लगाया गया है.
ऑल-ब्लैक इंटीरियर से बदला केबिन का मिजाज
इंटीरियर की बात करें तो रेगुलर थार रॉक्स में मिलने वाली लाइट कलर थीम की जगह स्टार एडिशन में पूरी तरह ऑल-ब्लैक केबिन दिया गया है. इसमें ब्लैक लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री और स्वेड एक्सेंट्स मिलते हैं, जो इसे ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी फील देते हैं. डैशबोर्ड का लेआउट AX7L ट्रिम जैसा ही रखा गया है, लेकिन ब्लैक थीम के कारण इसका लुक और भी दमदार नजर आता है.
पैनोरमिक सनरूफ और 360-डिग्री कैमरा
फीचर्स के मामले में थार रॉक्स स्टार एडिशन पूरी तरह लैस है. इसमें 10.25-इंच की दो स्क्रीन दी गई हैं, जिनमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए है. इंफोटेनमेंट सिस्टम वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है.
इसके अलावा SUV में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 9-स्पीकर हरमन कार्डन साउंड सिस्टम और 360-डिग्री कैमरा जैसे लग्जरी फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे ऑफ-रोड SUV के साथ-साथ प्रीमियम फैमिली कार भी बनाते हैं.
दमदार इंजन, लेकिन 4x4 का विकल्प नहीं
परफॉर्मेंस के मोर्चे पर स्टार एडिशन में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, यह ध्यान देने वाली बात है कि यह एडिशन सिर्फ रियर-व्हील ड्राइव (RWD) में ही उपलब्ध है, इसमें 4x4 ऑप्शन नहीं मिलता.
पेट्रोल वर्जन में 2.0-लीटर इंजन दिया गया है, जो 177hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है और यह केवल ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है. वहीं डीजल वर्जन में 2.2-लीटर इंजन मिलता है, जो 175hp की पावर और 400Nm का टॉर्क देता है. डीजल इंजन के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन ऑप्शन उपलब्ध हैं.
ADAS के साथ मजबूत सेफ्टी पैकेज
सेफ्टी के लिहाज से थार रॉक्स स्टार एडिशन में लेवल-2 ADAS, 6 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं. इसके अलावा अलग-अलग टेरेन मोड्स भी मौजूद हैं, जो खराब और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर ड्राइविंग को आसान बनाते हैं.
ये भी पढ़ें- ICC ODI Ranking: विराट कोहली को झटका! टॉप पर पहुंचा न्यूजीलैंड का यह बल्लेबाज, रोहित को भी नुकसान