2026 में लागू होने वाले 8 बड़े बदलाव, जो Salary, pension, tax और जीवनशैली पर डालेंगे असर!

major changes to be implemented in 2026 Salary pension tax

New Rule 2026:  नया साल 2026 अपनी दस्तक दे चुका है और इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की जेब से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़े बदलाव लागू हो गए हैं. ये बदलाव बैंकिंग, टैक्स, रेलवे और सरकारी कर्मचारियों के वेतन से संबंधित हैं. इन नियमों का सीधा असर आपकी वित्तीय योजना (Financial Planning) पर पड़ेगा. ऐसे में आपके लिए यह जानना जरूरी है कि 1 जनवरी 2026 से क्या-क्या बदला है और आगे क्‍या-क्‍या बदलाव होंगे, ताकि समय रहते सही प्लानिंग कर सकें.

बैंकिंग क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव 1 जनवरी से लागू हुआ है. अब क्रेडिट ब्यूरो आपके क्रेडिट स्कोर को हर 15 दिन के बजाय हर हफ्ते अपडेट करेंगे. यह उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो लोन या क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने वाले हैं. अब आपके द्वारा किए गए लोन रीपेमेंट या प्रीपेमेंट की जानकारी आपके स्कोर में बहुत तेजी से दिखाई देगी. इससे आपकी क्रेडिट प्रोफाइल अधिक सटीक रहेगी और बैंक आपकी वर्तमान वित्तीय स्थिति के आधार पर तेजी से निर्णय ले सकेंगे.