क्रिकेट के मैदान पर रचा गया इतिहास! 477 रनों से इस टीम ने जीता वनडे मुकाबला, एक बल्लेबाज ने जड़ा दोहरा शतक

Malaysia Cricket Team: क्रिकेट इतिहास में कई बार बड़े स्कोर और विशाल जीत देखने को मिले हैं, लेकिन हाल ही में मलेशिया में खेले गए एक अंडर-19 इंटर स्टेट टूर्नामेंट के मुकाबले ने सबको चौंका दिया.

Malaysian Men's Under 19 Inter State Championship Salengor won the ODI match by 77 runs
Image Source: Social Media/X

Malaysia Cricket Team: क्रिकेट इतिहास में कई बार बड़े स्कोर और विशाल जीत देखने को मिले हैं, लेकिन हाल ही में मलेशिया में खेले गए एक अंडर-19 इंटर स्टेट टूर्नामेंट के मुकाबले ने सबको चौंका दिया. इस मैच में एक टीम ने 500 से ज्यादा रन बनाकर न केवल विरोधी टीम को पूरी तरह ढेर कर दिया, बल्कि वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक (हालांकि यह अंतरराष्ट्रीय नहीं है) अपने नाम कर ली.

यह मुकाबला मलेशिया की मेंस अंडर-19 इंटर स्टेट चैंपियनशिप के तहत खेला गया था, जिसमें सालेनगोर अंडर-19 और पुत्राजया अंडर-19 टीमें आमने-सामने थीं. यह एक 50 ओवर का मैच था, लेकिन इसके स्कोरकार्ड को देखकर लगा जैसे T20 की आक्रामकता और टेस्ट की गहराई दोनों का मिश्रण देखने को मिला हो.

सालेनगोर U-19 ने जड़ा 564 रन

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सालेनगोर U-19 की टीम ने जबरदस्त बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया. पूरी टीम ने 50 ओवरों में केवल 6 विकेट गंवाकर 564 रन बना दिए. यह स्कोर कई इंटरनेशनल मैचों से भी कहीं ज्यादा है, और शायद ही किसी को उम्मीद रही होगी कि कोई टीम जूनियर लेवल पर इतनी आक्रामक बल्लेबाज़ी कर सकती है.

मुहम्मद अकरम की तूफानी पारी

इस ऐतिहासिक स्कोर में सबसे बड़ा योगदान रहा मुहम्मद अकरम का, जिन्होंने मात्र 97 गेंदों पर 217 रन ठोक डाले. उनकी यह पारी पूरी तरह से विपक्षी गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटी. उन्होंने चारों दिशाओं में शॉट लगाए और लगातार स्ट्राइक रोटेट करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.

अकरम की पारी में आए कई छक्के और चौके, जिससे गेंदबाज़ी लाइनअप पूरी तरह से बिखर गया. उनकी स्ट्राइक रेट 223 से ऊपर रही, जो दर्शाता है कि वे किस अंदाज में खेल रहे थे. 

पुत्राजया U-19 की पारी रही फीकी, 83 रन पर सिमटी पूरी टीम

565 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुत्राजया अंडर-19 टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. टीम की हालत यह थी कि वे पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाए और मात्र 21.5 ओवर में 87 रन पर ऑलआउट हो गए.

विरोधी टीम के किसी भी बल्लेबाज ने अर्धशतक तक नहीं लगाया. गेंदबाज़ी में सालेनगोर के बॉलर्स ने भी बेहतरीन लाइन और लेंथ से काम लिया, जिससे बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं मिला.

477 रन से जीत, एक नया रिकॉर्ड

इस मुकाबले में सालेनगोर U-19 ने 477 रनों से जीत दर्ज की, जो किसी भी 50 ओवर के मैच में सबसे बड़ी जीतों में शामिल है. हालांकि यह मुकाबला अंतरराष्ट्रीय वनडे नहीं था, लेकिन इसके आंकड़े किसी भी इंटरनेशनल मुकाबले को टक्कर देने लायक हैं.

क्रिकेट के रिकॉर्ड्स में खास मुकाम

क्रिकेट में अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भारत और नेपाल जैसी टीमों के नाम है, लेकिन इस तरह के घरेलू मुकाबले यह दिखाते हैं कि निचले स्तर पर भी खेल में कितनी प्रतिभा छुपी हुई है.

यह प्रदर्शन खासकर मुहम्मद अकरम जैसे युवा खिलाड़ी के लिए भविष्य में और बड़े मंच के रास्ते खोल सकता है. टूर्नामेंट आयोजकों ने इस मुकाबले को लेकर सोशल मीडिया पर खास पोस्ट भी किए हैं और अकरम की पारी की जमकर तारीफ की जा रही है.

यह भी पढ़ें- 'सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान...' CJI के सामने वकील का हंगामा, की जूता निकालने की कोशिश