मथुरा के प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के नाम पर फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी मोहम्मद उमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अमरोहा जिले के डिडौली कस्बे का रहने वाला यह युवक लंबे समय से मथुरा पुलिस की नजर में था. आखिरकार शनिवार की रात साइबर थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा.
तीन महीने पहले दर्ज हुआ था मामला
करीब तीन महीने पहले मथुरा साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत में आरोप था कि कोई व्यक्ति स्वामी अनिरुद्धाचार्य जी महाराज की फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर श्रद्धालुओं को धोखा दे रहा है. वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके नाम से बने अकाउंट से लोगों को गुमराह कर आर्थिक लाभ ले रहा था.
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
जांच में जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य खंगाले तो मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस के जरिए मोहम्मद उमर का नाम सामने आया. इसके बाद मथुरा की साइबर क्राइम टीम ने शनिवार रात डिडौली कोतवाली में आमद दर्ज की और फिर स्थानीय पुलिस को साथ लेकर गांव हटव्वा मार्ग पर स्थित एक मकान पर छापा मारा गया, जहां से उमर को गिरफ्तार कर लिया गया.
रातों-रात मथुरा ले जाया गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रात में ही मथुरा ले जाया गया, जहां उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस पूरी कार्रवाई की पुष्टि सीओ सिटी शक्ति सिंह ने की. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: UP के इस गांव में कीड़े की दहशत, 20 लोगों के शरीर पर पड़े लाल-नीले निशान... एक महिला की मौत