बंगाल में जिस शख्स के दुकान पर PM मोदी ने खाई थी झालमुड़ी, उसे मिली धमकी; पुलिस ने शुरू की जांच

Bengal Jhalmuri Seller Threat: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथ की बनी झालमुड़ी खिलाने वाला एक स्थानीय दुकानदार अब डर और चिंता में जी रहा है.

man in Bengal ate jhalmuri at a shop where PM Modi ate it received death threats police launched investigation
Image Source: ANI/ File

Bengal Jhalmuri Seller Threat: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथ की बनी झालमुड़ी खिलाने वाला एक स्थानीय दुकानदार अब डर और चिंता में जी रहा है. दुकानदार का दावा है कि उसे लगातार विदेशों से धमकी भरे फोन और वीडियो कॉल आ रहे हैं.

पीएम मोदी अचानक रुके थे दुकान पर

यह मामला 19 अप्रैल का बताया जा रहा है. उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे. सभा खत्म होने के बाद जब उनका काफिला वापस लौट रहा था, तभी पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेच रहे दुकानदार बिक्रम साऊ की दुकान पर रुक गए.

पीएम मोदी ने वहां झालमुड़ी खाई और दुकानदार से कुछ देर बातचीत भी की. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने तस्वीरें और वीडियो बना लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए.

रातों-रात सोशल मीडिया पर छा गया दुकानदार

प्रधानमंत्री के दुकान पर पहुंचने के बाद बिक्रम साऊ अचानक चर्चा में आ गए. सोशल मीडिया पर लोग उनकी दुकान और झालमुड़ी की खूब बातें करने लगे. दूर-दूर से लोग उनकी दुकान पर आने लगे. कुछ लोग सिर्फ उनसे मिलने और फोटो खिंचवाने के लिए भी पहुंच रहे थे. लेकिन यह लोकप्रियता अब बिक्रम और उनके परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गई है.

पाकिस्तान और बांग्लादेश से आने लगे धमकी भरे कॉल

बिक्रम साऊ का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन कॉल और व्हाट्सएप वीडियो कॉल आ रहे हैं. उनका कहना है कि इनमें से कई कॉल पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से किए जा रहे हैं.

दुकानदार के मुताबिक, कॉल करने वाले लोग उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं. कुछ कॉल में जान से मारने की बात भी कही गई है. लगातार आ रही इन धमकियों से पूरा परिवार डरा हुआ है.

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलने के बाद बिक्रम साऊ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि कॉल्स कहां से आ रही हैं और इनके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है. अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आ रही धमकी भरी कॉल्स के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरान हैं.

परिवार में डर का माहौल

बिक्रम साऊ का कहना है कि पहले वह अपनी दुकान और काम में व्यस्त रहते थे, लेकिन अब पूरा परिवार तनाव में है. हर नए फोन कॉल के साथ डर बढ़ जाता है. परिवार को चिंता है कि कहीं यह मामला और गंभीर न हो जाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुकानदार को सुरक्षा का भरोसा दिया गया है.

ये भी पढ़ें- स्वदेशी सुसाइड ड्रोन 'वायु अस्त्र-1' का सफल परीक्षण, दुश्मन के ठिकाने होंगे तबाह, जानें ताकत और खासियत