बॉलीवुड के बेहतरीन और गंभीर अभिनेताओं में शुमार मनोज बाजपेयी इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं. इस वीडियो में उन्हें एक राजनीतिक पार्टी का प्रचार करते हुए दिखाया गया है, जिससे लोग काफी हैरान हैं. चुनावी मौसम में इस तरह की क्लिप का वायरल होना न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि भ्रम फैलाने वाला भी है. ऐसे में खुद मनोज बाजपेयी को सामने आकर सच्चाई बतानी पड़ी.
मनोज बाजपेयी ने स्पष्ट किया है कि जो वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, वह पूरी तरह से फर्जी है और उसमें उनके पुराने एड की क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई है. उन्होंने बताया कि यह वीडियो असल में एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए किए गए विज्ञापन का हिस्सा था, जिसे एडिट करके ऐसा दिखाया गया मानो वह किसी राजनीतिक दल का समर्थन कर रहे हों. उन्होंने इस एडिटेड वीडियो की निंदा करते हुए कहा कि यह सरासर गलत है और जनता को गुमराह करने की कोशिश है. उनका कहना है कि उनकी किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई सीधा या परोक्ष संबंध नहीं है.
सोशल मीडिया पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
अपने एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट पर मनोज बाजपेयी ने इस फर्जी वीडियो को लेकर अपना स्टैंड क्लियर किया. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा “मैं सार्वजनिक रूप से कहना चाहता हूं कि मेरा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है. जो वीडियो फैलाया जा रहा है वह प्राइम वीडियो के लिए किए गए एक एड का एडिटेड वर्जन है. मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि ऐसे भ्रामक और छेड़छाड़ किए गए कंटेंट को शेयर करने से बचें और गलत जानकारी फैलाने से रोकें.”
यूजर्स ने सराहा एक्टर का स्टैंड
मनोज बाजपेयी की इस पारदर्शिता और ईमानदारी को सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खूब सराहा. कई लोगों ने कमेंट करते हुए लिखा कि ऐसे मामलों में सच को सामने लाना बेहद जरूरी है. एक यूज़र ने लिखा, “अच्छा हुआ आपने क्लियर किया, लोग बिना जांचे-परखे वीडियो पर यकीन कर लेते हैं.” एक और ने कहा, “अब वक्त आ गया है कि सेलेब्रिटीज़ अपनी आवाज और चेहरे के इस्तेमाल को लेकर कानून की मदद लें.”
जब स्टार्स ने ली लीगल शेल्टर
मनोज बाजपेयी ही नहीं, इससे पहले भी कई बड़े नामों को अपनी छवि और पब्लिक पर्सोना को गलत तरीके से इस्तेमाल किए जाने पर लीगल एक्शन लेना पड़ा है. ऋतिक रोशन ने अपने नाम और पहचान के कमर्शियल उपयोग पर नियंत्रण के लिए लीगल कदम उठाया है. करण जौहर, सुनील शेट्टी, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन और अक्षय कुमार जैसे कलाकार भी अपने पब्लिसिटी राइट्स को लेकर सतर्क हो चुके हैं.
यह भी पढ़ें: 'दो भाई दोनों तबाही...', जेठालाल से मिले समय रैना, लोगों ने दिया जबरदस्त रिएक्शन