एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में मनु भाकर ने मचाया धमाल, देश को दिलाए दो मेडल

कजाकिस्तान के श्यामकेंट शहर में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. मनु ने न केवल महिला 10 मीटर एयर पिस्टल सिंगल्स में कांस्य पदक जीता, बल्कि टीम इवेंट में भी ब्रॉन्ज अपने नाम किया.

Manu Bhaker wins two bronze medals at Asian Shooting Championship 2025
Image Source: ANI

कजाकिस्तान के श्यामकेंट शहर में आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने अपने शानदार प्रदर्शन से एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. मनु ने न केवल महिला 10 मीटर एयर पिस्टल सिंगल्स में कांस्य पदक जीता, बल्कि टीम इवेंट में भी ब्रॉन्ज अपने नाम किया. यह प्रतियोगिता एशिया की सबसे प्रतिष्ठित शूटिंग चैंपियनशिप में से एक मानी जाती है.

फाइनल में शानदार वापसी कर जीता कांस्य पदक

10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल मुकाबले में शुरुआत में मनु भाकर का प्रदर्शन थोड़ा अस्थिर रहा. शुरुआती पांच शॉट्स के बाद वह पांचवें स्थान पर थीं, लेकिन अनुभव और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए उन्होंने धीरे-धीरे स्थिति को संभाला. 11वें शॉट में 10.5 का स्कोर करके उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया, हालांकि 17वें शॉट में 9.7 के स्कोर से उन्हें झटका जरूर लगा. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और फोकस बनाए रखते हुए 219.7 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. इस इवेंट में चीन की मा चियान्के ने 243.2 अंकों के साथ गोल्ड और दक्षिण कोरिया की यांग जी-इन ने 241.6 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता.

टीम इवेंट में भी भारत को मिला ब्रॉन्ज

मनु भाकर ने अकेले नहीं, बल्कि टीम इवेंट में भी भारत को गौरवान्वित किया. मनु भाकर, सुरुचि सिंह और पलक गुलिया की तिकड़ी ने मिलकर 1730 अंक हासिल किए और कांस्य पदक हासिल किया. भारत केवल एक अंक से कोरिया से पीछे रहा जिसने सिल्वर जीता, जबकि चीन 1740 अंकों के साथ गोल्ड पर कब्जा जमाने में सफल रहा.

क्वालिफिकेशन में भी रहा मनु का जलवा

क्वालिफिकेशन राउंड में मनु ने शानदार 583-18x अंक स्कोर किए, जिसमें अंतिम सीरीज में परफेक्ट 100 शामिल था. इससे वह तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंचीं. जबकि सुरुचि सिंह (574-20x) 12वें और पलक गुलिया (573-14x) 17वें स्थान पर रहीं और फाइनल से बाहर हो गईं.

ये भी पढ़ें: एशिया कप के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड तैयार, सूर्यकुमार यादव को मिली कप्तानी, गिल बने उप कप्तान