तेजस मार्क-1ए की पहली उड़ान सफल, भारत के लड़ाकू विमान निर्माण में आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाई

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1ए (Tejas Mk-1A) ने शुक्रवार को अपनी पहली सफल उड़ान पूरी की. 

Many countries want to buy tejas fighter jet know power
Image Source: Social Media

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1ए (Tejas Mk-1A) ने शुक्रवार को अपनी पहली सफल उड़ान पूरी की. 

नासिक स्थित HAL के एयरक्राफ्ट डिवीजन से टेक-ऑफ करने वाला यह अत्याधुनिक विमान अब भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने की ओर बड़ा कदम बन गया है.इस ऐतिहासिक उड़ान के साथ ही भारत ने रक्षा उत्पादन में स्वदेशी तकनीक के दम पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम कर ली है.

 पूरी तरह स्वदेशी और वैश्विक मानकों पर खरा

HAL के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डी.के. सुनील ने इस मौके पर कहा, कि तेजस मार्क-1ए सिर्फ एक फाइटर जेट नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है. यह विमान हमारी अपनी जमीन पर बना है और इसमें जो टेक्नोलॉजी लगी है, वह दुनिया के किसी भी उन्नत लड़ाकू विमान को टक्कर दे सकती है. उन्होंने बताया कि विमान में लगा AESA रडार, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, और उन्नत मिसाइल क्षमताएं इसे चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों में विशिष्ट बनाती हैं.

मिग-21 से कई गुना आगे, 4.5 जेनरेशन की छलांग

तेजस को पुराने मिग-21 बाइसन से तुलना करते हुए HAL प्रमुख ने बताया कि तेजस मार्क-1ए भारत के लड़ाकू विमान कार्यक्रम में एक पीढ़ी की छलांग है. उन्होंने कहा कि, जहां मिग-21 अपने युग में एक किफायती और प्रभावशाली विमान था, वहीं तेजस मार्क-1ए एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो बहुआयामी युद्ध क्षमताओं से लैस है. यह न सिर्फ तेज है, बल्कि दुश्मन को चौंकाने और बचाव करने में भी पूरी तरह सक्षम है.

तेजस को लेकर बढ़ती विदेशी दिलचस्पी

तेजस की पहली उड़ान के साथ ही इस विमान की ओर कई देशों की प्रारंभिक रुचि और अधिक स्पष्ट हो गई है. HAL चेयरमैन ने कहा, हमारी कुछ अंतरराष्ट्रीय पार्टियों से बातचीत चल रही है. विदेशी खरीदार इस विमान की विश्वसनीयता और इसकी तकनीकी क्षमताओं से काफी प्रभावित हैं. हमें इस दिशा में सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं.

तेजस मार्क-1ए का उत्पादन लक्ष्य और भविष्य की योजना

फिलहाल HAL को तेजस मार्क-1A के 180 यूनिट्स के निर्माण का ऑर्डर मिला है, जिसे 2032-33 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस अवधि के बाद HAL का लक्ष्य तेजस का और भी उन्नत संस्करण LCA मार्क-2 लॉन्च करने का है. HAL प्रमुख ने कहा कि LCA Mk-2 पर काम भी तेज़ी से चल रहा है और यह विमान आने वाले समय में भारत की रक्षा क्षमताओं में नया अध्याय जोड़ देगा.

तेजस मार्क-1ए: क्या है इसकी खासियतें?

पूरी तरह स्वदेशी हल्का मल्टी-रोल फाइटर जेट, AESA रडार: अत्याधुनिक एक्टिव electronically-scanned array रडार, BVR मिसाइल क्षमता: दृष्टि से परे हमले की ताकत, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम: दुश्मन के सिग्नल को जाम करने की तकनीक, हवा में ईंधन भरने की सुविधा (Mid-Air Refueling), 5.3 टन तक का हथियार पेलोड, दिन-रात, हर मौसम में ऑपरेशन करने में सक्षम, सीमाओं पर तेज तैनाती और रखरखाव में आसान.

भारत के लिए क्या मायने रखती है यह उड़ान?

तेजस मार्क-1ए की यह पहली उड़ान केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की रक्षा नीति में आत्मनिर्भरता की गूंज है. यह विमान न केवल आयात पर निर्भरता को कम करेगा, बल्कि “मेक इन इंडिया” को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान भी देगा.

यह भी पढ़ें: Diwali 2025: भारत के इन शहरों में क्यों नहीं मनाया जाता दिवाली का त्योहार? वजह जानकर हो जाएंगे हैरान