रांची के पहले वनडे में विराट कोहली की तल्ख़ चमक एक बार फिर दुनिया ने देखी—135 रन की करारी पारी जिसने न केवल भारत को 17 रन से जीत दिलाई, बल्कि दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज़ी की असल चुनौती भी उजागर कर दी. मैच के बाद मार्को जानसन ने बेझिझक स्वीकार किया कि कोहली जैसे बल्लेबाज़ को रोक पाना लगभग नामुमकिन है, खासकर तब जब वह क्रीज़ पर जम जाएं.
जानसन ने साफ शब्दों में कहा कि किसी वर्ल्ड-क्लास बल्लेबाज़ के खिलाफ वास्तविक मौका तभी होता है जब वह शुरुआत में पिच को समझ रहे हों. उनके मुताबिक मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि कोहली जैसे बल्लेबाज़ को उनकी शुरुआती 10–15 गेंदों में ही आउट कर दूँ. एक बार वे सेट हो जाएं, फिर उन्हें रोकना लगभग असंभव होता है. आपको तुरंत प्लान B या C पर जाना पड़ता है. यह बयान बता देता है कि गेंदबाज़ों के लिए कोहली के खिलाफ रणनीति सिर्फ एक पतले धागे पर टिकी रहती है—या तो शुरुआत में उन्हें रोक लो, वरना मैच आपके हाथ से निकल सकता है.
52वां शतक कोहली की क्लास और नियंत्रण का शानदार नमूना
रांची में कोहली का 52वां ODI शतक उनकी उसी पहचान का ताज़ा उदाहरण था. गति और संयम का संतुलन, जोखिम को समझकर खेलना और पारी को अंत तक खींच ले जाने की क्षमता. उनकी यह पारी भारतीय जीत की रीढ़ बन गई.
अपनी बल्लेबाज़ी पर भी बोले जानसन—“अभी बस बॉल को देखकर खेल रहा हूं”
जानसन के लिए यह मैच सिर्फ गेंदबाज़ी तक सीमित नहीं था. उन्होंने बल्ले से भी तूफानी योगदान दिया—39 गेंदों में 70 रन, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे. अपनी फॉर्म पर उन्होंने कहा हमारा टॉप ऑर्डर मज़बूत है, इसलिए मुझे नीचे आकर खुलकर खेलने की आज़ादी मिलती है. अभी यह तरीका मेरे लिए अच्छा काम कर रहा है.
साउथ अफ्रीका का रुख—“0-1 से पीछे हैं, लेकिन आत्मविश्वास में कमी नहीं”
जानसन ने टीम की मानसिकता पर भी बात की. उनके मुताबिक हम अच्छी चीजें कर रहे हैं, बस ज़रूरत है लंबे स्पैल तक अच्छी गेंदबाज़ी बनाए रखने की. टीम को अगले मैच से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अपडेट मिलेगा. कप्तानी एक बार फिर एडेन मार्करम के हाथों में रहेगी, क्योंकि टेम्बा बावुमा अभी भी उपलब्ध नहीं हैं. अब भारत और दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत रायपुर में होगी—जहाँ सीरीज़ का दूसरा मुकाबला हाई-इंटेंसिटी होने वाला है और दोनों टीमें पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं.
यह भी पढ़ें: विश्व कप विजेताओं को मिला सम्मान, प्रतिका रावल सहित इन तीन खिलाड़ियों की इस विभाग में हुई नियुक्ति