Car Blast In Pakistan: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद मंगलवार दोपहर एक जोरदार धमाके से दहल उठी. यह विस्फोट इस्लामाबाद हाईकोर्ट के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, धमाका हाईकोर्ट परिसर के बाहर पार्क की गई एक कार में हुआ था. पहले माना जा रहा था कि यह छोटा हादसा है, लेकिन कुछ ही घंटों बाद पुष्टि हुई कि घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर हुई. हाईकोर्ट के बाहर पार्किंग एरिया में खड़ी एक कार अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि यह आसपास के इलाकों में भी सुनी गई और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
#UPDATE The Islamabad, Pakistan, car blast has been confirmed as a terrorist act, with the death toll rising to 12. https://t.co/KIKzTee4LK pic.twitter.com/KLGH8C0BOi
— Conflict Radar (@Conflict_Radar) November 11, 2025
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में कार में रखे सिलेंडर के फटने की आशंका जताई जा रही है. धमाके के समय हाईकोर्ट परिसर के आसपास भारी ट्रैफिक और भीड़ थी, जिससे नुकसान का दायरा और बढ़ गया. कई वकील, कोर्ट कर्मचारी और आम नागरिक विस्फोट की चपेट में आए.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
धमाके के तुरंत बाद रेस्क्यू 1122, पुलिस और बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को पाक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और पॉलीक्लिनिक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति घोषित कर दी है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया है. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल से विस्फोट के कुछ अवशेष और जले हुए वाहन के हिस्से बरामद किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.
पुलिस ने घेरा इलाका, जांच शुरू
धमाके के तुरंत बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने सील कर दिया. इस्लामाबाद पुलिस और रेंजर्स ने हाईकोर्ट रोड, ब्लू एरिया और पास के डी-चौक तक ट्रैफिक को रोक दिया है. बम स्क्वॉड ने आसपास के वाहनों और इमारतों की तलाशी ली ताकि किसी और विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी का पता लगाया जा सके.
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, “प्रारंभिक जांच में यह घटना गैस सिलेंडर ब्लास्ट लग रही है, लेकिन फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हम अंतिम निष्कर्ष पर पहुंच सकेंगे. अगर किसी आतंकी साजिश का एंगल निकलता है, तो मामला काउंटर-टेररिज़्म डिपार्टमेंट को सौंपा जाएगा.”
मौके पर था भारी ट्रैफिक
जिस वक्त धमाका हुआ, उस समय हाईकोर्ट परिसर में कई वकील और याचिकाकर्ता मौजूद थे. दोपहर के समय कोर्ट की सुनवाइयों का सिलसिला जारी था, इसलिए पार्किंग एरिया में काफी गाड़ियां खड़ी थीं. धमाके के बाद कुछ वाहनों में आग लग गई और कई के शीशे टूट गए.
एक स्थानीय दुकानदार ने बताया, “हमने तेज धमाके की आवाज सुनी और उसके बाद धुआं ही धुआं दिखा. लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे. कुछ ही मिनटों में एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंच गई.”
पाकिस्तान ने फिर भारत पर साधा निशाना
धमाके के बाद पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर भारत पर परोक्ष आरोप लगाया है. सरकारी चैनल PTV के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से पोस्ट करते हुए कहा गया कि यह हमला “विदेशी प्रायोजित खारिजी तत्वों” द्वारा कराया गया हो सकता है. पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यह घटना “अफगानिस्तान से संचालित एक आतंकी गुट” से जुड़ी हो सकती है, जिसे पाकिस्तान भारत समर्थित नेटवर्क बताता रहा है. हालांकि, अब तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है.
दिलचस्प बात यह है कि यह धमाका दिल्ली में हुए लाल किला मेट्रो स्टेशन ब्लास्ट के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जिससे दोनों घटनाओं के बीच समानता को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान में होने वाली आतंकी घटनाओं के बाद भारत पर आरोप लगाना वहां की सरकार की “पुरानी रणनीति” रही है.
लगातार असुरक्षित हो रहा पाकिस्तान
पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों, खासकर बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और इस्लामाबाद में कई धमाकों की घटनाएं हो चुकी हैं. अधिकतर मामलों में तालिबान पाकिस्तान (TTP) या उससे जुड़े गुटों का नाम सामने आया है. वहीं, राजधानी में इस तरह का ब्लास्ट होना देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है.
यह भी पढे़ं- कौन है डॉक्टर शाहीन, दिल्ली धमाके के बाद हुई गिरफ्तारी; फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से निकला कनेक्शन