फास्ट-फूड चेन मैकडोनाल्ड को आमतौर पर स्वाद और त्वरित सेवा के लिए जाना जाता है, लेकिन अमेरिका में एक मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट ने अपने भारतीय मूल के कर्मचारी के प्रति जो सम्मान दिखाया, उसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. मैसाच्यूसेट्स के सॉगस शहर में स्थित एक आउटलेट ने अपने लंबे समय से काम कर रहे भारतीय कर्मचारी परगन सिंह, जिन्हें सब बलबीर कहकर बुलाते हैं, के लिए रेड कार्पेट बिछाकर विशेष डिनर आयोजित किया और उन्हें 40,000 डॉलर यानी करीब 35.5 लाख रुपये की भेंट दी.
यह सम्मान उनकी सेवा के 40 वर्ष पूरे होने के मौके पर दिया गया, एक ऐसी उपलब्धि जिसे रेस्टोरेंट मालिकों से लेकर स्टाफ तक सभी ने गर्व से मनाया.
40 साल पहले शुरू हुआ सफर
परगन सिंह पहली बार अपने पिता के साथ किशोरावस्था में इस आउटलेट पहुंचे थे. तब उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह जगह उनकी पूरी पेशेवर जिंदगी का हिस्सा बन जाएगी. रेस्टोरेंट की मालिक लिंडसे वॉलिन ने बताया कि परगन को शुरुआत में उनके पिता ने काम सिखाया और समय के साथ वे इस परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गए.
सम्मान समारोह में वॉलिन ने भावुक होकर कहा, "परगन सिर्फ कर्मचारी नहीं, हमारे परिवार की रीढ़ हैं. जो समर्पण उन्होंने दिखाया है, वह दुर्लभ है."
मेज साफ करने से लेकर मैनेजर तक का सफर
बलबीर ने काम की शुरुआत सबसे सरल जिम्मेदारियों से की- टेबल साफ करना, कचरा उठाना और जरूरत पड़ने पर किचन में सहायता देना. धीरे-धीरे वे हर सेक्शन का काम सीखते गए. उनकी लगन और जिम्मेदारी देखकर मैनेजमेंट ने उन्हें कुछ महीनों में ही स्विंग मैनेजर के पद पर पदोन्नत कर दिया.
आज स्थिति यह है कि रेस्टोरेंट की मालिक के 4 अलग-अलग मैकडोनाल्ड आउटलेट हैं और परगन सिंह को इन सभी का “मजबूत स्तंभ” माना जाता है.
पूरे स्टाफ के लिए बन गए ‘पापा बियर’
आउटलेट के कर्मचारियों के बीच परगन बेहद प्रिय हैं. सभी उन्हें प्यार से “पापा बियर” कहते हैं, क्योंकि वे युवा कर्मचारियों को मार्गदर्शन भी देते हैं और कठिन समय में उनका हौसला भी बढ़ाते हैं.
मालकिन वॉलिन ने कहा, "बलबीर बेहद खुशमिजाज और मेहनती इंसान हैं. उनका समर्पण और विनम्रता इन्हें अलग बनाते हैं. उनके बिना यह जगह अधूरी है."
सम्मान समारोह के दौरान परगन सिंह ने खुद भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने कहा कि यह काम उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं रहा, बल्कि परिवार जैसा अनुभव रहा है.
ये भी पढ़ें- कौन हैं मैक्सिको की फातिमा बॉश जो बनीं मिस यूनिवर्स? विवाद के बाद मिली सफलता, ये रहे टॉप 5 फाइनलिस्ट