Messi in Delhi: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी का भारत दौरा अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंचने वाला है. GOAT टूर के चौथे और अंतिम चरण के तहत मेसी 15 दिसंबर को राजधानी दिल्ली आएंगे, जहां उनके कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है. कोलकाता में हुए अव्यवस्थित आयोजन से सबक लेते हुए दिल्ली प्रशासन और पुलिस इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहते.
नई दिल्ली में मेसी का मुख्य कार्यक्रम अरुण जेटली इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. यहां एक खास एग्जीबिशन फुटबॉल मैच खेला जाएगा, जिसमें स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के शामिल होने की भी चर्चा है. इस मुकाबले को लेकर फुटबॉल और क्रिकेट दोनों खेलों के प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. इसके अलावा मेसी के सम्मान में एक वेलकम इवेंट भी रखा गया है.
प्रधानमंत्री से मुलाकात का भी एजेंडा
खेल कार्यक्रमों के अलावा मेसी की राजनीतिक और औपचारिक मुलाकातें भी तय मानी जा रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं. इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और भारत के चीफ जस्टिस से मिलने का कार्यक्रम भी संभावित है.
GOAT कप एग्जीबिशन मैच का पूरा शेड्यूल
अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इस खास मुकाबले की शुरुआत दोपहर करीब 1:30 बजे होगी. दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट सुबह 11:30 बजे खोल दिए जाएंगे. मैच 9 बनाम 9 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें मिनर्वा अकादमी की अंडर-14 और अंडर-15 टीमें हिस्सा लेंगी. विराट कोहली इस इवेंट के खास मेहमान हो सकते हैं.
दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट
कोलकाता में मची अफरा-तफरी के बाद दिल्ली पुलिस ने इस बार पहले से ही कमर कस ली है. वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार बैठकों के जरिए सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान को अंतिम रूप दिया गया है. अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है. करीब 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती होगी.
ट्रैफिक डायवर्जन और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
मेसी के कार्यक्रम के चलते सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. आईटीओ, दिल्ली गेट और राजघाट क्रॉसिंग के आसपास भारी जाम की आशंका जताई गई है. इसका असर विकास मार्ग, रिंग रोड, इंद्रप्रस्थ मार्ग, डीडीयू मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर भी पड़ सकता है. अवैध पार्किंग रोकने पर भी पुलिस का खास फोकस रहेगा. स्टेडियम के भीतर और बाहर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि मेसी का दिल्ली दौरा पूरी तरह सुरक्षित और सफल बनाया जा सके.
यह भी पढ़ें: सचिन, कोहली से लेकर रोहित तक... ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी, देखें लिस्ट