Mexico Mass Shooting: मैक्सिको का गुआनाहुआटो राज्य एक बार फिर हिंसा की भेंट चढ़ गया है. ईरापुआतो शहर में मंगलवार रात जब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के पर्व पर उत्सव मना रहे थे, तभी अचानक गोलियों की गूंज ने खुशियों को मातम में बदल दिया. इस दिल दहला देने वाली घटना में 12 लोगों की जान चली गई और 20 से ज्यादा घायल हो गए.
जश्न में घुल गई चीखें और खून की चीटें
सड़कें रोशनी से जगमगा रही थीं, लोग परंपरागत संगीत पर नाच-गा रहे थे, और चारों ओर एक धार्मिक उत्सव का माहौल था. लेकिन तभी, बिना किसी चेतावनी के, हथियारों से लैस कुछ हमलावरों ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पलभर में ही रंग-बिरंगे कपड़ों और हँसी-ठिठोली से भरी फिजा चीखों और अफरातफरी में बदल गई.
स्थानीय प्रशासन की पुष्टि और वायरल वीडियो
ईरापुआतो के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज सर्वेंटेस के अनुसार, बुधवार दोपहर तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी और 20 से अधिक घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग जान बचाने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस तैनात कर दी गई है.
राष्ट्रपति शिनबाउम ने जताया दुख, बताया 'मानवता पर हमला'
मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाउम ने इस हिंसा पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने इस हमले को "मानवता के खिलाफ अपराध" करार देते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी. उन्होंने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया.
गुआनाहुआटो: मैक्सिको का अपराध-प्रवण राज्य
गुआनाहुआटो राज्य पिछले कई वर्षों से संगठित अपराध और ड्रग कार्टेल्स की लड़ाई का गढ़ बना हुआ है. गिरोहों के बीच इलाके और अवैध धंधों पर कब्जे को लेकर अक्सर खूनी संघर्ष होते हैं. 2025 के पहले पांच महीनों में ही यहां 1,435 हत्याओं की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है. जो देश के किसी भी अन्य राज्य से कहीं अधिक है. यह कोई पहली घटना नहीं है. महज़ एक महीने पहले, सैन बार्तोलो दे बेरियोज नामक शहर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हुई थी, जिसमें सात लोगों की जान गई थी.
यह भी पढ़ेंः भारत-चीन तनाव में नरमी के बीच रूस की पहल, RIC वार्ता फिर से शुरू करने की उम्मीद