भारतीय वायुसेना की ताकत और गौरव का प्रतीक रहा मिग-21 फाइटर जेट आज अपनी अंतिम उड़ान भर चुका है. करीब छह दशकों तक देश की हवाई सीमाओं की रक्षा करने वाला यह लड़ाकू विमान चंडीगढ़ वायुसेना स्टेशन से आज औपचारिक रूप से रिटायर हो गया. इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी समेत वायुसेना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
मिग-21 को वॉटर कैनन सैल्यूट के साथ भावभीनी विदाई दी गई. इस मौके पर मिग-21 ने स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के साथ संयुक्त फ्लाईपास्ट किया. यह दृश्य केवल एक सैन्य प्रदर्शन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सौंपा गया एक संदेश था. "मैं यह गौरव अगली पीढ़ी को सौंपता हूं.
63 वर्षों की सेवा में रचा गया इतिहास
1963 में जब मिग-21 को पहली बार भारतीय वायुसेना के बेड़े में शामिल किया गया था, तब यह भारत का पहला सुपरसोनिक फाइटर जेट था. चंडीगढ़ में स्थापित पहला स्क्वाड्रन, आने वाले दशकों में कई युद्धों और सैन्य अभियानों में भारत की विजयगाथा का हिस्सा बना.
#WATCH | चंडीगढ़: मिग-21 विमान स्वदेशी तेजस विमान के साथ उड़ान भरते हुए, 'मैं यह गौरव अगली पीढ़ी को सौंपता हूं' का संदेश दे रहा है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 26, 2025
मिग-21 विमानों को 1963 में भारतीय वायु सेना में शामिल किया गया था और 63 वर्षों की सेवा के बाद आज इन्हें सेवामुक्त कर दिया जाएगा। pic.twitter.com/67g3IQFYLD
‘आकाश गंगा’ और सूर्यकिरण ने बढ़ाया समापन का गौरव
मिग-21 की विदाई को यादगार बनाने के लिए भारतीय वायुसेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम ने 8,000 फुट की ऊंचाई से रोमांचक प्रदर्शन किया. इसके बाद मिग-21 विमानों ने एक भव्य फ्लाईपास्ट किया, और फिर सूर्य किरण एरोबैटिक टीम ने अपने हैरतअंगेज हवाई करतबों से समां बांध दिया.यह दृश्य केवल सैन्य शक्ति का नहीं, बल्कि उन भावनाओं का था जो इस विमान से वर्षों तक जुड़ी रहीं सम्मान, गर्व और देशभक्ति.
एक युग का अंत, और एक नई शुरुआत
मिग-21 अब भले ही आसमान में नहीं दिखेगा, लेकिन उसके किस्से, उसकी गूंज और उसका योगदान हमेशा देश की सामूहिक स्मृति का हिस्सा रहेंगे. यह विमान सिर्फ एक मशीन नहीं, बल्कि उन जांबाज पायलटों की कहानियों का साथी रहा है जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश के लिए उड़ान भरी.सिनेमा हो, साहित्य हो या फिर वायुसेना के इतिहास के पन्ने — मिग-21 का नाम सदैव दर्ज रहेगा. और आज, जब वह रिटायर हो रहा है, तो पूरे देश की ओर से उसे एक ही संदेश "धन्यवाद मिग-21, तुम्हारी सेवा अमर रहेगी."
यह भी पढ़ें: इन भारतीय कंपनियों पर नहीं होगा टैरिफ का असर, अमेरिका ने क्यों दे रखी है खुली छूट? जानें इसकी वजह