Sikar News: राजस्थान के सीकर जिले में एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. अजीतगढ़ कस्बे में बीती गुरुवार रात बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को ही उखाड़कर ले जाने की घटना को अंजाम दिया. बदमाश सिर्फ पैसे नहीं ले गए, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को भी धता बताकर एक बार फिर पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बंधक बना गार्ड, काटे सीसीटीवी के तार
चोरी की यह घटना अजीतगढ़ के चौमू रोड स्थित एक सरकारी स्कूल के पास लगे SBI एटीएम में रात करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच घटी. पुलिस के मुताबिक, बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर आए और सबसे पहले एटीएम की सुरक्षा में तैनात गार्ड गजेंद्र सिंह को बुरी तरह पीटा और फिर रस्सियों से बांध दिया. इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काट दिए ताकि उनकी हरकतें रिकॉर्ड न हो सकें.
18 लाख 24 हजार रुपये से भरा था एटीएम
चोरी गए एटीएम मशीन में करीब 18 लाख 24 हजार रुपये नकद जमा थे. बदमाशों ने पूरी मशीन को उखाड़ा और अपने वाहन में लादकर फरार हो गए. सुबह जब बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
CCTV में कैद हुए नकाबपोश
हालांकि चोरों ने कैमरों के तार काटने की कोशिश की थी, लेकिन कुछ फुटेज में बदमाशों की हलचल रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में देखा गया कि बदमाशों ने चेहरे सफेद कपड़े से ढंके हुए थे. साफ है कि उन्होंने इस वारदात को पूर्व नियोजित तरीके से अंजाम दिया और सभी तैयारियों के साथ आए थे.
पुलिस ने शुरू की जांच और नाकाबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीकर पुलिस ने तत्काल इलाके में नाकाबंदी कर दी है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. एसपी के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया है जो बदमाशों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. फिलहाल घटना की गहन जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे.
ये भी पढ़ें: कौन हैं IPS राजीव शर्मा? जो बनाए गए राजस्थान के नए DGP, जानिए उनके बारे में सब कुछ