सीएम योगी की अपराधियों को दो टूक संदेश, कहा- महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे

Mission Shakti 5.0 Launched: उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए एक और बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'मिशन शक्ति 5.0' का शुभारंभ करते हुए इसे नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया.

Mission Shakti 5 CM Yogi blunt message to criminals know more
Image Source: ANI/ File

Mission Shakti 5.0 Launched: उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए एक और बड़ी पहल की शुरुआत हो गई है. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'मिशन शक्ति 5.0' का शुभारंभ करते हुए इसे नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया. इस अवसर पर प्रदेश के सभी 1,647 थानों में मिशन शक्ति केंद्र भी शुरू किए गए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक जनांदोलन है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है. उन्होंने बताया कि 2020 में शुरू हुआ यह अभियान अब महिलाओं के जीवन को कई स्तरों पर सशक्त बना रहा है.

महिला सुरक्षा पर सख्त संदेश

सीएम योगी ने अपने संबोधन में हाल ही में हुए एक अपराधी के एनकाउंटर का जिक्र करते हुए सख्त संदेश दिया कि जो भी महिलाओं की सुरक्षा में बाधा बनेगा, उसके लिए उत्तर प्रदेश में कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा कि अब महिलाएं खुद को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही हैं और आत्मविश्वास से आगे बढ़ रही हैं.

बेटियों की पढ़ाई से लेकर शादी तक सरकार का साथ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई और विवाह तक के लिए आर्थिक सहायता दे रही है. ‘कन्या सुमंगला योजना’ के तहत बेटियों को अलग-अलग चरणों में सरकार द्वारा आर्थिक मदद दी जाती है. उन्होंने कहा कि अब तक 26 लाख से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं.

पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

सीएम योगी ने बताया कि 2017 से पहले यूपी पुलिस में महिला कार्मिकों की संख्या करीब 10,000 थी, जो अब 44,000 से ज्यादा हो चुकी है. हर थाने में महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है और महिला पुलिस कर्मियों की ट्रेनिंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

महिला स्वावलंबन की दिशा में ठोस पहल

प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. बैंकिंग सखी योजना, स्वयं सहायता समूह, टेक होम राशन जैसी योजनाओं से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं. मुख्यमंत्री ने बताया कि टेक होम राशन योजना से 2 करोड़ महिलाओं को फायदा हुआ है और इसमें 60,000 महिला स्वयंसेवक कार्यरत हैं.

हर कल्याणकारी योजना में महिलाओं को प्राथमिकता

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जो भी जनहित योजनाएं लागू की गईं, उनका केंद्र बिंदु महिलाओं की गरिमा और सशक्तिकरण रहा. शौचालय निर्माण से लेकर उज्जवला योजना, घरौनी दस्तावेज, आयुष्मान भारत और फ्री राशन जैसी योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई.

सशक्त नारी से ही सशक्त प्रदेश

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर नारी ही एक सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की आधारशिला है. उन्होंने सभी विभागों से आह्वान किया कि वे महिलाओं को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें हर स्तर पर भागीदार बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.

यह भी पढ़ें- बुरे फंसे कपिल शर्मा! 25 करोड़ की लगी चपत... जानें क्या है मामला