Mohammed Shami News: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. रणजी ट्रॉफी के पहले चरण में अपने पुराने घातक अंदाज़ में दिखाई देने के बाद अब शमी टी20 क्रिकेट में लौटने को तैयार हैं. पैर की चोट से पूरी तरह उबरने के बाद शमी को बंगाल की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टीम में शामिल किया गया है, जिससे उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी के संकेत भी और मजबूत हो गए हैं.
चोट से उबरकर मैदान पर लौटे शमी ने इस सीजन रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार मैचों में 20 विकेट झटके. शुरुआती दो मुकाबलों में उन्होंने 15 विकेट लेकर बंगाल को उत्तराखंड और गुजरात पर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उनकी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ ने यह जता दिया कि वह एक बार फिर अपने सर्वश्रेष्ठ रिद्म में हैं. शमी के इस प्रदर्शन ने बंगाल टीम मैनेजमेंट का भरोसा बढ़ाया है और अब उनसे टी20 टूर्नामेंट में भी वही धारदार प्रदर्शन दोहराने की उम्मीद है.
बंगाल को मिला मजबूत पेस अटैक
अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी वाली बंगाल टीम में शमी के साथ तेज गेंदबाज आकाश दीप को भी शामिल किया गया है. यह जोड़ी टीम के लिए नई ऊर्जा लेकर आ सकती है. आकाश दीप हाल के वर्षों में घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं, और शमी जैसे अनुभवी खिलाड़ी के साथ उनका तालमेल बंगाल की गेंदबाजी को और प्रभावी बना देगा.
शमी को टीम इंडिया में क्यों नहीं मिला था मौका?
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के लिए शमी को टीम में जगह नहीं मिली थी. चयनकर्ताओं के इस फैसले ने कई सवाल भी खड़े किए, लेकिन शमी ने इस पर संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनका उद्देश्य केवल फिट रहना और उपलब्ध रहना है.
शमी ने रणजी के दौरान कहा था, “मैं फिट रहकर खुद को टीम के लिए उपलब्ध रखना चाहता हूं. चयनकर्ताओं को अपनी फिटनेस के बारे में बताना मेरा काम नहीं है.” अब जब वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने जा रहे हैं, तो उनके पास सफेद गेंद क्रिकेट में खुद को फिर से साबित करने का बड़ा मौका होगा.
मौका बड़ा, दबाव भी उतना ही
टी20 फॉर्मेट में वापसी शमी के लिए बेहद अहम है. भारत के लिए आगामी महीनों में कई बड़े टूर्नामेंट और सीरीज़ हैं, और तेज गेंदबाजी विभाग में प्रतिस्पर्धा पहले से कहीं अधिक है. ऐसे में अगर शमी इस टूर्नामेंट में प्रभावित करते हैं, तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल होगा.
26 नवंबर को पहला मुकाबला
बंगाल अपना पहला मैच 26 नवंबर को हैदराबाद में बड़ौदा के खिलाफ खेलेगा. इस मैच में सभी की नजरें शमी पर होंगी कि वह टी20 में अपनी गति और अनुभव से किस तरह बल्लेबाज़ों को चुनौती देते हैं.
बंगाल की घोषित टीम
अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), सुदीप घरामी, अभिषेक पोरेल, शाकिर हबीब गांधी, युवराज केसवानी, प्रियांशु श्रीवास्तव, शाहबाज अहमद, प्रदीप्ता प्रामाणिक, रितिक चटर्जी, करण लाल, सक्षम चौधरी, मोहम्मद शमी, आकाश दीप, सायन घोष, कनिष्क सेठ, युधजीत गुहा, श्रेयन चक्रवर्ती.
यह भी पढ़ें- फेमस पंजाबी सिंगर हरमन सिद्धू की दर्दनाक मौत, रोड एक्सिडेंट में गंवाई जान, जानिए कैसे हुआ हादसा?