नई दिल्ली: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर देशवासियों का दिल जीत चुके हैं. पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में उन्होंने 23 विकेट झटककर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को धार दी और अपनी उपयोगिता एक बार फिर साबित कर दी. लेकिन इस बार वह मैदान के बाहर एक वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
रक्षाबंधन के अवसर पर सामने आए इस वीडियो में मोहम्मद सिराज एक युवती से राखी बंधवाते नज़र आ रहे हैं. यह वीडियो न सिर्फ भावुक कर देने वाला है बल्कि यह उन तमाम अफवाहों पर भी विराम लगा देता है जो पिछले कुछ समय से चर्चा में थीं.
मोहम्मद सिराज और जनाई भोसले
जिस युवती ने सिराज को राखी बांधी, वह कोई और नहीं बल्कि प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले की पोती जनाई भोसले हैं. पिछले कुछ महीनों से दोनों को एक साथ कई बार सार्वजनिक रूप से देखा गया था, खासकर मुंबई में, जिसके चलते सोशल मीडिया और गॉसिप प्लेटफॉर्म्स पर उनके अफेयर की अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि, दोनों की ओर से इन अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी.
अब रक्षाबंधन के इस वीडियो ने स्थिति को पूरी तरह साफ कर दिया है. जनाई द्वारा सिराज को राखी बांधना यह दर्शाता है कि दोनों के बीच एक भाई-बहन का रिश्ता है, जो स्नेह और सम्मान पर आधारित है. इस भावुक क्षण ने न केवल फैन्स को चौंकाया बल्कि उन सभी चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया, जो बिना आधार के फैल रही थीं.
कौन हैं जनाई भोसले?
जनाई भोसले, भारतीय संगीत जगत की जानी-मानी हस्ती आशा भोसले की पोती हैं. अपनी दादी की ही तरह जनाई भी कला और रचनात्मकता में गहरी रुचि रखती हैं. वह एक मल्टी-टैलेंटेड आर्टिस्ट हैं सिंगर, सॉन्गराइटर, कंपोजर, डांसर और एक्ट्रेस. जनाई ने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत की और उनके पहले सोलो गाने "केहंदी है" को श्रोताओं का बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला.
जनाई ने सिर्फ सोलो परफॉर्मेंस तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि वह भारत के पहले ट्रांसजेंडर म्यूजिक बैंड के साथ भी जुड़कर एक सशक्त सामाजिक संदेश देने का काम कर चुकी हैं. इसके अलावा, वह अपनी दादी आशा भोसले के साथ कई मंचीय प्रस्तुतियों का हिस्सा भी बन चुकी हैं, जिससे उनका अनुभव और आत्मविश्वास दोनों में इज़ाफा हुआ है.
फिल्मों में भी कदम रख चुकी हैं जनाई
म्यूजिक की दुनिया में पहचान बनाने के बाद अब जनाई फिल्मों की ओर भी रुख कर चुकी हैं. उनकी डेब्यू फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ जल्द ही रिलीज़ होने वाली है. इस ऐतिहासिक फिल्म में वह रानी साईं भोसले की भूमिका निभा रही हैं, जो मराठा साम्राज्य के इतिहास में एक अहम किरदार रही हैं. इस भूमिका के जरिए जनाई न सिर्फ अभिनय जगत में कदम रखेंगी, बल्कि भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कहानी को भी लोगों तक पहुंचाएंगी.
ये भी पढ़ें- 'हमारी बनाई हुई इजेक्शन सीट...' ब्रिटिश कंपनी के बयान से खुला पाकिस्तान के गिरे हुए लड़ाकू विमानों का राज