मोहसिन नकवी की फिर हुई भारी बेइज्जती, U-19 एशिया कप फाइनल के बाद टीम इंडिया ने मेडल लेने से किया इंकार

India u19 vs india u19: दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में जहां पाकिस्तान ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं मैच के बाद हुआ घटनाक्रम चर्चा का बड़ा विषय बन गया.

Mohsin Naqvi again insulted Team India refuses to accept medal after U-19 Asia Cup final
Image Source: Social Media

India u19 vs india u19: दुबई में खेले गए अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में जहां पाकिस्तान ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं मैच के बाद हुआ घटनाक्रम चर्चा का बड़ा विषय बन गया. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए. प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान भारतीय अंडर-19 टीम ने उनके हाथों से मेडल लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक इस फैसले पर बहस तेज हो गई.

रविवार, 21 दिसंबर को खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों के बड़े अंतर से हराकर अंडर-19 एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 50 ओवर में 347 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में भारतीय टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम महज 156 रनों पर ऑलआउट हो गई. यह मुकाबला पूरी तरह पाकिस्तान के पक्ष में रहा और टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया.

प्रेजेंटेशन सेरेमनी में दिखा तनाव

मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए मोहसिन नकवी दुबई पहुंचे थे. उन्होंने पहले विजेता पाकिस्तान टीम के खिलाड़ियों को मेडल पहनाए और फिर कप्तान फरहान यूसुफ को ट्रॉफी सौंपी. इसके बाद चैंपियन टीम के साथ उन्होंने तस्वीरें भी खिंचवाईं.

हालांकि, जब भारतीय टीम को मेडल देने का समय आया, तो टीम इंडिया के खिलाड़ी पोडियम पर ही नहीं पहुंचे. भारतीय खिलाड़ियों ने मोहसिन नकवी से मेडल लेने से इनकार कर दिया और एक अन्य अधिकारी के हाथों से अपने मेडल स्वीकार किए. यह दृश्य कैमरों में कैद हुआ और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया.

पहले भी हो चुका है ऐसा

भारतीय खिलाड़ियों और मोहसिन नकवी के बीच यह दूरी कोई नई बात नहीं है. इससे पहले 2025 में खेले गए मेंस सीनियर एशिया कप के दौरान भी भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. उस टूर्नामेंट के फाइनल में जब भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, तब भी टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. बताया जाता है कि वह ट्रॉफी आज भी नकवी के पास ही है.

पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक पल

विवादों के बीच यह भी सच है कि अंडर-19 एशिया कप 2025 पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बेहद खास रहा. यह पिछले 36 वर्षों में पहली बार है जब पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है. इससे पहले पाकिस्तान दो बार उपविजेता रहा था, लेकिन इस बार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई चैंपियन बनने का सपना पूरा किया.

क्रिकेट से आगे बढ़ता विवाद

फाइनल के बाद हुए इस घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट रिश्तों में मौजूद तनाव को उजागर कर दिया है. जहां एक ओर पाकिस्तान की ऐतिहासिक जीत की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर प्रेजेंटेशन सेरेमनी में दिखी दूरी ने खेल से ज्यादा राजनीति और कूटनीति को सुर्खियों में ला दिया है. आने वाले समय में इस मुद्दे पर ACC और ICC स्तर पर क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.

यह भी पढ़ें- 2026 में होली लगने वाला है चंद्र ग्रहण, 100 सालों बाद बन रहा ऐसा संयोग; इन लोगों को बरतनी होगी खास सावधानी