एशिया कप ट्रॉफी को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी और भारतीय टीम के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. हाल ही में यह खबर आई थी कि नकवी ने ACC की मीटिंग में टीम इंडिया से माफी मांग ली है. लेकिन अब नकवी ने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि उन्होंने किसी से माफी नहीं मांगी और ट्रॉफी देने को पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन टीम इंडिया को खुद ACC के ऑफिस जाकर ट्रॉफी लेनी होगी.
मोहसिन नकवी ने स्पष्ट किया है कि बीसीसीआई या टीम इंडिया से कोई माफी नहीं मांगी गई है. उन्होंने कहा, "ACC का चेयरमैन होने के नाते, मैं उसी दिन (फाइनल के बाद) ट्रॉफी देने को तैयार था और अब भी ट्रॉफी देने को तैयार हूं. वो अगर ट्रॉफी लेना चाहते ही हैं, तो उनका ACC के दफ्तर में बहुत स्वागत है और मुझसे आकर ट्रॉफी ले लीजिए."
ट्रॉफी विवाद की शुरुआत और हाल की घटनाएं
यह विवाद तब शुरू हुआ जब एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया. पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में देरी हुई और नकवी अपनी जिद पर अड़े हुए ट्रॉफी लेकर मैदान से बाहर चले गए. इस घटना के बाद 30 सितंबर को ACC की बैठक हुई, जिसमें बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने नकवी से इस विवाद पर कड़ी पूछताछ की.
BCCI का कड़ा रुख और आगे की कार्रवाई
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी संकेत दिए थे कि जरूरत पड़ी तो ICC में इस मामले की शिकायत की जाएगी. वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाहें फैल गईं कि नकवी ने माफी मांगी है, लेकिन नकवी ने इसे पूरी तरह से गलत ठहराया.
ये भी पढ़ें: IND vs WI: टेस्ट सीरीज़ से पहले इस स्टार गेंदबाज के खेलने पर संशय बरकरार! शुभमन गिल ने दिया चौंकाने वाला जवाब