घंटों तक टॉर्चर, करंट और फिर दिया जहर... पत्नी ने प्रेमी और बहन के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से सामने आई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है.

Moradabad Wife along with her lover and sister killed her husband
Image Source: Social Media

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से सामने आई एक सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. मझोला थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पति-पत्नी के रिश्ते, भरोसे और पारिवारिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. करीब छह साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत सात फेरों और साथ निभाने के वादों के साथ हुई थी, उसका अंत बेहद दर्दनाक और खौफनाक तरीके से हुआ.

आरोप है कि एक महिला ने अपने प्रेमी, बहन और उसके साथी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची और फिर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. पुलिस जांच में जो बातें सामने आई हैं, उन्होंने हर किसी को हैरान कर दिया है.

पहले बनाया बंधक, फिर घंटों तक किया टॉर्चर

पुलिस जांच के मुताबिक यह हत्या अचानक गुस्से में नहीं की गई थी, बल्कि पूरी साजिश बेहद ठंडे दिमाग से रची गई थी. आरोपियों ने पहले युवक को घर में बंधक बनाया. इसके बाद कई घंटों तक उसे प्रताड़ित किया गया.

जानकारी के अनुसार पीड़ित को रस्सियों से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले और काफी खून भी बहा. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे इलेक्ट्रिक शॉक दिए ताकि हत्या को हादसा दिखाया जा सके.

इतना ही नहीं, जब इससे भी बात नहीं बनी तो युवक को जबरन जहर पिलाया गया. आरोप है कि उसकी चीख बाहर न जा सके, इसलिए उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया गया था.

हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या या हादसे का रूप देने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार युवक के शव को सीढ़ियों से नीचे फेंका गया ताकि मामला संदिग्ध दुर्घटना लगे.

लेकिन मोहल्ले के लोगों को उस समय शक हुआ जब उन्होंने घर से दो युवकों को जल्दबाजी में निकलते देखा. इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला. उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था और हालत बेहद गंभीर थी.

अस्पताल ले जाने से भी रोकती रही आरोपी पत्नी

परिजनों का आरोप है कि जब परिवार और आसपास के लोग युवक को अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तब आरोपी पत्नी लगातार बहाने बनाकर उन्हें रोकने का प्रयास करती रही.

मृतक के परिजन कुलदीप ठाकुर ने दावा किया कि चारों आरोपियों ने करीब तीन घंटे तक युवक को प्रताड़ित किया. उन्होंने बताया कि युवक की हालत इतनी खराब थी कि उसके शरीर पर गहरे जख्म साफ दिखाई दे रहे थे.

पत्नी, बहन और प्रेमियों पर हत्या का आरोप

मामले की जानकारी देते हुए मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि मृतक के भाई देवेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.

जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी आंचल, उसकी बहन शिखा और उनके दो साथी अंकित व अजय इस वारदात में शामिल थे. पुलिस के अनुसार दोनों युवकों के दोनों बहनों के साथ संबंध थे और इसी के चलते हत्या की साजिश रची गई.

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: आज पार्टनर से मिलेगा प्यार-रोमांस या बढ़ेगी गलतफहमी? जानें मेष से मीन तक का लव राशिफल