सीएम मोहन यादव का बड़ा तोहफा, 52 लाख छात्रों के खातों में ट्रांसफर किए 303 करोड़ रुपये, ऐसे करें चेक

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्य के लाखों विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी. उन्होंने समेकित छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 303 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की.

mp cm transferred 303 crore in students accounts scholarship scheme
Image Source: Social Media

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्य के लाखों विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी. उन्होंने समेकित छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 303 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की. इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि, "बच्चों की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी." 

"सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है"

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, "पहले छात्रवृत्तियां सत्र समाप्त होने के बाद अप्रैल माह में दी जाती थीं, लेकिन इस बार अक्टूबर में ही विद्यार्थियों को राशि जारी की गई है. राज्य सरकार बच्चों को स्कूटी, ड्रेस और साइकिल जैसी सुविधाएं समय पर उपलब्ध करा रही है ताकि किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा बाधित न हो." उन्होंने कहा कि "मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने से पहले मां सरस्वती को प्रसन्न करना आवश्यक है. विद्यार्थी मन लगाकर पढ़ाई करें, सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है." 

"55 प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे"

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश में शिक्षा प्रणाली में बदलाव किए जा रहे हैं." मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 369 सांदीपनि विद्यालय और 55 प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं. डॉ. मोहन यादव ने बताया कि सरकार ने शिक्षा को हर छात्र की पहुँच तक पहुँचाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं. कक्षा 6वीं और 9वीं के करीब 1 करोड़ विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गई हैं, ताकि किसी भी बच्चे की शिक्षा यात्रा दूरी या संसाधनों की कमी के कारण बाधित न हो. साथ ही, बोर्ड परीक्षाओं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 5 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए गए हैं, जिससे वे डिजिटल शिक्षा से जुड़ सकें और तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें.

सीएम मोहन यादव ने यह भी कहा कि, "छात्रों को नीट, क्लेट, जेईई सहित सभी प्रकार की कोचिंग भी फ्री प्रदान करने के लिए योजना बनाई गई है. बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील बनने के साथ उद्यमी भी बनें. लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए युवाओं को राजनीति में भी आना चाहिए. बेटियों को स्थानीय चुनावों में 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिल चुका है."

स्टेटस कैसे चेक करें?

  • सबसे पहले मध्य प्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 की आधिकारिक वेबसाइट https://hescholarship.mp.gov.in पर जाएं.
  • स्टूडेंट्स कॉर्नर पर जाकर क्लिक करें. 
  • अपने सभी स्कॉलरशिप आवेदनों/गतिविधियों को ट्रैक करें यानि विकल्प पर क्लिक करें.
  • अपना आवेदक आईडी (Applicant ID) और पासवर्ड दर्ज करें.
  • लॉगिन करने के बाद, आप अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति (Status) देख सकते हैं.

ये भी पढ़ें: MP के युवाओं के लिए खुशखबरी! अब UPSC की तर्ज पर होगा सिंगल एंट्रेंस एग्जाम, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान