चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में है. महीनों से जेल में बंद मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी रविवार देर शाम अचानक खबरों में तब आ गई, जब उसने मेडिकल कॉलेज में एक बच्ची को जन्म दिया. यह घटना न सिर्फ पूरे केस को नए मोड़ पर ले आई है, बल्कि सबसे बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है आखिर इस नवजात बच्ची का असली पिता कौन है?
क्या यह बच्ची उसी सौरभ की है, जिसकी हत्या के आरोप में मुस्कान जेल में है, या फिर उसके कथित प्रेमी साहिल की? दिलचस्प बात यह है कि सौरभ का जन्मदिन 24 नवंबर को पड़ता है, और ठीक इसी तारीख को मुस्कान मां बन गई.
कड़े सुरक्षा घेरे में हुई मुस्कान की डिलीवरी
शनिवार रात बढ़ते दर्द की शिकायत के बाद मुस्कान को मेरठ जेल से मेडिकल कॉलेज लाया गया था. रविवार शाम करीब 6:30 बजे के आसपास स्पेशल वुमन वार्ड में उसकी डिलीवरी कराई गई. अस्पताल प्रशासन ने वार्ड में किसी भी बाहरी व्यक्ति को अनुमति नहीं दी. पूरी प्रक्रिया आठ सदस्यीय मेडिकल टीम और सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में हुई.
जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान ने बिल्कुल स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है. बच्ची लगभग सवा आठ महीने में पैदा हुई और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. हैरानी की बात यह रही कि मुस्कान के परिवार का कोई भी सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा, जबकि खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर भीड़ जमा होने लगी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला वार्ड को पूरी तरह सील कर दिया गया.
पहली बेटी ससुराल में, गर्भवती अवस्था में हुई थी गिरफ्तारी
मुस्कान की तीन साल की बेटी पीहू पहले से ही ससुराल में, यानी सौरभ के माता-पिता के पास है. गिरफ्तारी के समय मुस्कान लगभग डेढ़ महीने की गर्भवती थी. शुरुआत में उसने अपनी प्रेग्नेंसी छुपाने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ और मेडिकल जांच में पूरा सच सामने आ गया. तभी से यह सवाल लगातार बना रहा कि यह बच्चा किसका है?
DNA टेस्ट ही खोलेगा राज
सौरभ के भाई राहुल राजपूत ने साफ बयान दिया है कि वे बच्ची को तभी स्वीकारेंगे जब DNA टेस्ट से साबित हो जाए कि वह उनके भाई की संतान है. राहुल का कहना है कि सच्चाई सामने आती ही वे बच्ची की पूरी जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं. फिलहाल DNA रिपोर्ट आने तक पूरा मामला असमंजस में है.
कौन है ‘नीले ड्रम वाली मुस्कान’?
मुस्कान रस्तोगी का नाम पहली बार तब सुर्खियों में आया जब पुलिस ने सौरभ राजपूत हत्याकांड में चौंकाने वाले खुलासे किए. जांच के अनुसार, मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर सौरभ की हत्या की, फिर उसके शव को एक नीले प्लास्टिक ड्रम में भरकर सीमेंट डाल दिया ताकि बदबू बाहर न आए. हत्या के बाद मुस्कान ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सौरभ के लापता होने का नाटक रचा, जबकि उसी दौरान दोनों पहाड़ों पर घूमते हुए वीडियो बनाते रहे. जब पुलिस ने घर से नीला ड्रम बरामद किया, तो पूरा मामला तूल पकड़ गया. सोशल मीडिया पर लोग उसे “नीले ड्रम वाली मुस्कान” कहकर बुलाने लगे.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर धर्म ध्वज स्थापना समारोह में अभेद्य सुरक्षा घेरा, ATS, NSG समेत 7 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात