Cringe है! क्यों नेहा कक्कड़ के गाने Candy शॉप पर मच रहा बवाल? टोनी कक्कड़ को देना पड़ा साथ

कभी भजनों और सादगी भरे गीतों से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली नेहा कक्कड़ आज एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन वजह इस बार उनकी आवाज नहीं, बल्कि उनकी बदली हुई इमेज है.

Neha Kakkar Candy Shop controversy on bold vulgar steps
Image Source: Social Media

कभी भजनों और सादगी भरे गीतों से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली नेहा कक्कड़ आज एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन वजह इस बार उनकी आवाज नहीं, बल्कि उनकी बदली हुई इमेज है. गरीबी में पला-बढ़ा एक बच्चा, जो चार साल की उम्र में जागरणों में गाता था, वही लड़की आगे चलकर इंडियन आइडल के मंच से देश की सबसे चर्चित सिंगर्स में शामिल हो गई. नेहा की संघर्ष भरी कहानी ने करोड़ों लोगों को भावुक किया और जनता ने उन्हें सिर आंखों पर बिठा लिया. यही प्यार उन्हें शोहरत, नाम और करोड़ों की दौलत तक ले गया. लेकिन वक्त के साथ तस्वीर बदलती दिख रही है.


नेहा कक्कड़ आज भारत की टॉप फीमेल सिंगर्स में गिनी जाती हैं. हिट गानों की लंबी फेहरिस्त, टीवी रियलिटी शोज़ में जज की कुर्सी और लगातार सुर्खियां—सब कुछ उनके पास है. इसके बावजूद हालिया रिलीज़ ‘कैंडी शॉप’ ने उनकी इमेज को लेकर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर नेहा को इस तरह के गानों और डांस स्टेप्स की जरूरत क्यों पड़ी? कई यूजर्स का कहना है कि यह गाना सिर्फ “क्रिंज” नहीं, बल्कि उनकी अब तक बनाई गई सिंगर वाली पहचान के बिल्कुल उलट है. भले ही गाने को कुछ ही दिनों में मिलियन व्यूज मिल गए हों, लेकिन इसके साथ ही ट्रोलिंग का तूफान भी खड़ा हो गया है.

भजन से पॉप तक का सफर और लोगों की नाराजगी

जिस नेहा कक्कड़ ने कभी भजन गाकर लोगों का दिल जीता था, आज उसी सिंगर को बोल्ड और भड़काऊ अंदाज में देखकर कई फैंस असहज महसूस कर रहे हैं. इंटरनेट पर लोग श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान जैसी सिंगर्स का उदाहरण देते हुए नेहा की “डिसेंसी” पर सवाल उठा रहे हैं. उनका तर्क है कि नेहा यूथ आइकन हैं और उनके गानों का असर सीधा युवाओं पर पड़ता है. लोकगायिका मालिनी अवस्थी तक ने ‘कैंडी शॉप’ के बाद नेहा की आलोचना करते हुए इंडियन आइडल जैसे शो में उनकी जज की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए. यह आलोचना सिर्फ गाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि नेहा की पूरी पब्लिक इमेज पर चर्चा शुरू हो गई.

बोल्ड इमेज का दांव और उलटा असर

बीते कुछ समय से नेहा कक्कड़ अपने स्टाइल और स्टेज परफॉर्मेंस में ज्यादा बोल्ड नजर आने लगी हैं. कॉन्सर्ट के दौरान उनके कुछ जेस्चर और डांस मूव्स ने लोगों को चौंकाया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पानी डालकर डांस करने को लेकर भी उन्हें खूब ट्रोल किया गया. कई यूजर्स ने यहां तक कह दिया कि वह इंटरनेशनल पॉप स्टार्स या के-पॉप कल्चर को कॉपी करने की कोशिश में अपनी असली पहचान खोती जा रही हैं. हालात यहां तक पहुंच गए कि कुछ लोग मजाक में ढिंचैक पूजा को नेहा से बेहतर बताने लगे—जो उनके करियर की दिशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

परिवारिक दरार और बदला हुआ म्यूजिक स्टाइल

नेहा की बहन सोनू कक्कड़ भी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. खुद नेहा कई बार मान चुकी हैं कि सोनू की आवाज उनसे ज्यादा मजबूत है. लेकिन हाल ही में परिवारिक मतभेदों के चलते सोनू का नेहा और टोनी कक्कड़ से रिश्ता खत्म होना चर्चा में रहा. माना जा रहा है कि इस टूटन का असर नेहा के प्रोफेशनल फैसलों पर भी दिख रहा है. आज जहां पहले उनकी गायकी की तारीफ होती थी, वहीं अब उनके लुक्स, डांस और विवादों की बातें ज्यादा होती हैं. ‘मिले हो तुम हमसे’, ‘मनाली ट्रांस’ जैसे गाने आज भी याद किए जाते हैं, लेकिन हालिया गानों में वह ठहराव और मेलोडी कम ही नजर आती है.

टोनी कक्कड़ का बयान और असली वजह

‘कैंडी शॉप’ जैसे गानों को लेकर टोनी कक्कड़ ने खुलकर कहा कि पॉप म्यूजिक भले ट्रोल होता हो, लेकिन इसका बिजनेस नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक, बड़े बजट के अच्छे गाने बनाने के लिए पैसा चाहिए और वह ऐसे ट्रेंडिंग वीडियोज़ से ही आता है. टोनी का कहना है कि व्यूज और कमाई उनके लिए अहम हैं, ट्रोलिंग से उन्हें फर्क नहीं पड़ता.

यह भी पढ़ें: क्या धुरंधर एक्ट्रेस सारा अर्जुन को राकेश बेदी ने किया KISS? ट्रोलिंग पर दिया जवाब; कहा- लोग बहुत...