ICC ने इस क्रिकेटर पर गिराई गाज, 3 महीने के लिए लगाया बैन, जानें क्यों लिया गया ये एक्शन?

नीदरलैंड के युवा और तेज गेंदबाज विवियन किंगमा को आईसीसी से बड़ा झटका लगा है. हाल ही में एक ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें तीन महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से निलंबित कर दिया गया है.

Netherlands bowler Kingma banned for anti-doping code breach
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: नीदरलैंड के युवा और तेज गेंदबाज विवियन किंगमा को आईसीसी से बड़ा झटका लगा है. हाल ही में एक ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें तीन महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से निलंबित कर दिया गया है. यह फैसला 15 अगस्त से लागू हो चुका है. आइए जानते हैं इस मामले की पूरी कहानी और विवियन किंगमा के करियर के आंकड़े.

पॉजिटिव ड्रग टेस्ट और बैन का कारण

12 मई को उट्रेच में आयोजित आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 के दौरान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मैच के बाद किए गए ड्रग टेस्ट में किंगमा पॉजिटिव पाए गए. टेस्ट में उनके शरीर में “बेजोइलकोग्नाइन” नामक पदार्थ पाया गया, जो कोकीन का मेटाबोलाइट है और इसे आईसीसी डोपिंग विरोधी नियमों के तहत प्रतिबंधित माना जाता है.

विवियन किंगमा ने स्वीकार किया दोष

डोपिंग के आरोपों को किंगमा ने स्वीकार कर लिया है. उन्होंने यह भी साबित किया कि उन्होंने इस ड्रग का सेवन टूर्नामेंट के बाहर किया था. इस वजह से आईसीसी ने उन्हें तीन महीने का बैन लगाया है, जो 15 अगस्त से शुरू हो चुका है. हालांकि, अगर किंगमा आईसीसी द्वारा दिए गए ट्रीटमेंट प्रोग्राम को संतोषजनक ढंग से पूरा कर लेते हैं, तो उनका यह बैन घटाकर केवल एक महीने का भी किया जा सकता है.

रिकॉर्डबुक से हटे किंगमा के आंकड़े

डोपिंग पोजिटिव पाए जाने के बाद, 12 मई को UAE के खिलाफ खेले गए मैच और उसके बाद के सभी मैचों में किंगमा के व्यक्तिगत प्रदर्शन को रिकॉर्डबुक से हटा दिया गया है. इसका मतलब है कि उन मैचों में उनके द्वारा लिए गए विकेट और अन्य आंकड़े आधिकारिक रिकॉर्ड से बाहर हो गए हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट में किंगमा की उपलब्धियां

विवियन किंगमा ने अब तक 30 वनडे और 26 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. वनडे में उन्होंने 40 विकेट लिए हैं, जबकि टी-20 में उनके खाते में 24 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा, उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 24 और लिस्ट ए क्रिकेट में 71 विकेट भी चटकाए हैं, जो उनके प्रभावशाली करियर का प्रमाण हैं. 

ये भी पढ़ें: अब इस हसीना को डेट कर रहे हार्दिक पांड्या? जानें कौन हैं क्रिकेटर की रूमर्ड गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा