अब चेहरा दिखाओ और करवा लो वेरिफिकेशन, Aadhar की इस नई ऐप से इतना आसान हुआ पूरा प्रोसेस

लंबे समय से इंतजार कर रहे यूज़र्स के लिए खुशखबरी! अब आधार की नई ऐप Aadhaar गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. हालांकि, यह ऐप अभी अर्ली एक्सेस में है, लेकिन आप इसे आसानी से अपने Android फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं.

New Aadhar app know how and where to install for verification purpose
Image Source: Social Media

लंबे समय से इंतजार कर रहे यूज़र्स के लिए खुशखबरी! अब आधार की नई ऐप Aadhaar गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. हालांकि, यह ऐप अभी अर्ली एक्सेस में है, लेकिन आप इसे आसानी से अपने Android फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं. फिलहाल, यह ऐप केवल प्ले स्टोर पर ही उपलब्ध है, जिसका मतलब है कि iPhone यूजर्स को इसका इस्तेमाल अभी नहीं मिल रहा है. तो आइए, जानते हैं इस नई Aadhaar ऐप में क्या खास है और इसे कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है.

आधार की नई ऐप क्या है?

अगर आप आधार का डिजिटल इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह ऐप आपके लिए एक बेहतरीन टूल साबित हो सकती है. Aadhaar ऐप की घोषणा इस साल अप्रैल में आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की थी. इसका मुख्य उद्देश्य आधार कार्ड की फोटोकॉपी देने के झंझट को खत्म करना है. अब आपको होटल्स, हवाई अड्डों या सिम कार्ड लेते समय अपनी आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इस ऐप के जरिए आप अपनी पहचान को डिजिटली वेरिफाई कर सकते हैं, जिससे यह प्रक्रिया और भी आसान और सुरक्षित हो जाएगी.

Aadhaar ऐप को कैसे करें इंस्टॉल?

अगर आपके पास एंड्रॉयड फोन है, तो यह ऐप आपके लिए उपलब्ध है. इसे डाउनलोड करने के लिए बस इन स्टेप्स को फॉलो करें

Google Play Store में जाएं और Aadhaar सर्च करें.


अब, आपके सामने आधार से संबंधित ऐप्स की लिस्ट आएगी. इनमें से आपको दूसरी ऐप को डाउनलोड करना होगा. ऐप इंस्टॉल करते वक्त ध्यान रखें कि यह वही ऐप हो, जिसे UIDAI ने विकसित किया है. यह भी ध्यान दें कि इस ऐप को उसी फोन में इंस्टॉल करें, जिसमें आपके आधार से लिंक किया गया नंबर हो. ठीक वैसे ही जैसे आप पेमेंट ऐप्स का उपयोग करते हैं.

Aadhaar ऐप का इस्तेमाल कैसे करें?

अब जब आपने ऐप इंस्टॉल कर लिया, तो चलिए जानते हैं इसे कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे पहले, ऐप खोलने पर आपको अपनी पसंदीदा भाषा चुनने का ऑप्शन मिलेगा. इसके बाद, अपना आधार नंबर दर्ज करें. इसके बाद, एक OTP (One-Time Password) आपके आधार से लिंक्ड नंबर पर भेजा जाएगा, जिसे आपको ऐप में एंटर करना होगा. फिर आपको फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प मिलेगा, जहां आपको अपना चेहरा सर्कल में रखकर उसे वेरिफाई करना होगा. इसके बाद, आपको एक 6 अंकों का पिन सेट करने को कहा जाएगा. पिन कंफर्म करने के बाद, आप ऐप में लॉगिन हो जाएंगे और अब आप आधार की डिजिटल सेवा का उपयोग कर सकते हैं.

Aadhaar ऐप में क्या फीचर्स हैं?

जब आप ऐप में लॉग इन करेंगे, तो सबसे पहले आपको QR कोड दिखाई देगा. इस QR कोड को स्कैन करके आप किसी भी जगह, जहां आपको अपना आधार नंबर देना है, उसे डिजिटल तरीके से शेयर कर सकते हैं.इसके अलावा, ऐप में एक और ऑप्शन Share ID दिया गया है, जिससे आप अपना आधार डिजिटल रूप से दूसरों के साथ शेयर कर सकते हैं. अगर आप कहीं अपने आधार को शेयर करने के लिए QR कोड स्कैन करते हैं, तो आपसे पूछा जाएगा कि आप अपनी आधार जानकारी में से क्या-क्या चीज़ें साझा करना चाहते हैं.

फिर, अपना चेहरा दिखाकर वेरिफिकेशन के बाद, आप आसानी से अपना आधार डिजिटल तरीके से साझा कर पाएंगे. इसका मतलब है कि अब आपको आधार की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. QR कोड दिखाकर या QR कोड स्कैन करके आप अपना आधार सीधे साझा कर सकते हैं. यह पूरी प्रक्रिया न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि आसान भी है.

यह भी पढ़ें: "दुनिया ने भारत की सैन्य क्षमता का लोहा माना", मॉनसून सत्र से पहले PM मोदी का संबोधन