Android Face ID: आजकल हमारे स्मार्टफोन में न केवल व्यक्तिगत तस्वीरें होती हैं, बल्कि बैंकिंग जानकारी, निजी संदेश और बहुत कुछ शामिल रहता है. इसे सुरक्षित रखने के लिए लोग अक्सर फेसआईडी का इस्तेमाल करते हैं, ताकि कोई और व्यक्ति हमारी अनुमति के बिना फोन तक पहुंच न सके. फेसआईडी को एक सुरक्षित तरीका माना जाता है, लेकिन अब एक नई रिपोर्ट ने इस सुरक्षा प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस रिपोर्ट के मुताबिक, एंड्रॉयड फोन की फेसआईडी को अब केवल एक फोटो की मदद से चकमा दिया जा सकता है.
फेसआईडी को कैसे बाईपास किया जा सकता है?
The Times की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 133 एंड्रॉयड डिवाइस पर फेसआईडी को सिर्फ एक फोटो दिखाकर अनलॉक किया जा सकता है. इसमें सैमसंग, ओप्पो, मोटोरोला जैसे बड़े ब्रांड्स के महंगे मॉडल्स भी शामिल हैं. इस टेस्ट में Samsung Galaxy S25, Oppo Find X9 Pro और Motorola Razr 50 Ultra जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन भी फेल हो गए. इसके अलावा, Nokia, Honor, Vivo, Realme और Xiaomi जैसे अन्य प्रमुख ब्रांड्स के डिवाइस भी इस टेस्ट में पास नहीं हुए. रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि इन डिवाइसेस को पेपर पर प्रिंट की गई या दूसरी स्क्रीन पर दिखायी गई फोटो से आसानी से अनलॉक किया जा सकता है, बिना असली यूजर के चेहरे की जरूरत पड़े.
कैसे काम करती है फेसआईडी?
यह समस्या उन स्मार्टफोन में इस्तेमाल हो रही 2D फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के कारण उत्पन्न हुई है. इस सिस्टम में स्मार्टफोन का कैमरा यूजर की फोटो को फ्रंट कैमरे से ली गई तस्वीर से तुलना करता है. यदि दोनों तस्वीरों में समानता होती है, तो फोन अनलॉक हो जाता है. इसका मतलब है कि यदि किसी के पास आपकी तस्वीर है, तो वह उस तस्वीर को दिखाकर आपके फोन को अनलॉक कर सकता है. यही कारण है कि इस सिस्टम को लेकर अब चिंता जताई जा रही है.
क्या है इससे बचने का उपाय?
फोटोग्राफ से फेसआईडी को बाईपास करने की समस्या से निपटने के लिए कई कंपनियां 3D फेस रिकग्निशन सिस्टम का इस्तेमाल करती हैं. Apple, Google, और Samsung जैसे ब्रांड्स में 3D सिस्टम का उपयोग किया जाता है, जो चेहरे की गहराई और आकार का विश्लेषण करता है. यह तकनीक फोटो से चकमा देने में कठिनाई पैदा करती है. इसी कारण, iPhone, Google Pixel और Samsung Galaxy S26 जैसे स्मार्टफोन में इस प्रकार के बाईपास टेस्ट में सफलता नहीं मिली. इन डिवाइसेस में 3D मैपिंग के जरिए फेसआईडी को और भी सुरक्षित बनाया गया है, जिससे फोटो से अनलॉक करना मुश्किल हो जाता है.
ये भी पढ़ें: iPhone 16 Pro खरीदने का बढ़िया मौका, यहां मिल रहा छप्परफाड़ डिस्काउंट, ऐसे उठा सकते हैं फायदा