भारतीय स्टार्टअप जगत और ग्लोबल टेक वर्ल्ड दोनों जगह हलचल मच गई है. कारण है एक 39 सेकंड का ब्लैक-एंड-व्हाइट टीज़र, जिसमें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क और Zerodha के को-फाउंडर निखिल कामथ एक साथ दिखाई दे रहे हैं. जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर धूम मच गई और लोगों में उत्सुकता बढ़ गई कि आखिर इस मुलाकात में क्या खास होने वाला है.
निखिल कामथ के बेहद लोकप्रिय WTF Podcast के अगले एपिसोड में अब एलन मस्क नज़र आएंगे.इस पॉडकास्ट ने पहले भी कई दिग्गजों को होस्ट किया है, लेकिन मस्क की मौजूदगी ने इसे ग्लोबल स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है. कामथ द्वारा जारी किए गए टीज़र में दोनों एक फैक्ट्री जैसी लोकेशन पर आराम से कॉफी पीते और हंसते हुए बातचीत करते नजर आते हैं.
टीज़र वायरल, चर्चा तेज
पोस्ट के साथ कामथ ने एक मज़ेदार “Caption This” लिखा और सीधे मस्क को टैग किया.कुछ ही घंटों में यह क्लिप वायरल हो गई—लाखों व्यूज़ और हजारों लाइक्स के साथ यह इंटरनेट पर छा गई.हालांकि, कई सोशल मीडिया यूज़र इस वीडियो को AI Generated भी बता रहे हैं, लेकिन कामथ की आधिकारिक घोषणा ने इन अटकलों को काफी हद तक शांत कर दिया है.
किस विषय पर होगी बातचीत?
टीज़र लॉन्च होते ही फैन्स और बिज़नेस कम्युनिटी में तरह-तरह के अनुमान लगने लगे हैं.कहा जा रहा है कि दोनों के बीच भविष्य की तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस एक्सप्लोरेशन, इलेक्ट्रिक वाहनों, और स्टार्टअप्स की भूमिका जैसे विषयों पर गहरी चर्चा हो सकती है.पॉडकास्ट में मस्क की मौजूदगी अपने-आप में संकेत देती है कि यह बातचीत दुनिया भर के टेक उत्साहियों के लिए बेहद खास होने वाली है.
कामथ का पॉडकास्ट पहले भी बना है सुर्खियों का केंद्र
निखिल कामथ का WTF Podcast इससे पहले भी बड़े नामों को होस्ट कर चुका है.इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पॉडकास्ट में आए थे. उस एपिसोड में पीएम मोदी ने अपने बचपन, भारत के विज़न और टेक्नोलॉजी के भविष्य पर विस्तृत बातचीत की थी.इसके अलावा पॉडकास्ट में शामिल हो चुके अन्य नामों में शामिल हैं. बिल गेट्स, किरण मजूमदार-शॉ, रणबीर कपूर, नंदन नीलेकणी, अरविंद श्रीनिवास और विनोद खोसला जैसी हस्तियां.
कितनी है दोनों दिग्गजों की संपत्ति?
फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, एलन मस्क दुनिया के नंबर-1 अमीर व्यक्ति हैं और उनकी नेटवर्थ लगभग 482.5 अरब डॉलर है. वहीं निखिल कामथ भी भारत के युवा अरबपतियों में शामिल हैं और उनकी नेटवर्थ 2.5 अरब डॉलर आंकी गई है.
यह भी पढ़ें: 7000mAh बैटरी और 50MP Sony कैमरा से लैस नया स्मार्टफोन हुआ लॉन्च, जानें कीमत और स्पेसिफिकेशन्स