नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए एक नया युग शुरू हुआ है, क्योंकि पार्टी ने नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया है. यह चुनाव बीजेपी के संगठनात्मक संरचना में महत्वपूर्ण मोड़ का प्रतीक है. इस फैसले के बाद नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी को नई दिशा देने की ओर अग्रसर हो सकता है. उनके नाम की आधिकारिक घोषणा मंगलवार सुबह 11.30 बजे की जाएगी.
37 नामांकन पत्रों के साथ नितिन नबीन की निर्विरोध जीत
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में नितिन नबीन के नाम पर पूरी पार्टी ने एकजुटता दिखाते हुए समर्थन जताया. नितिन नबीन के लिए कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनकी बारीकी से जांच की गई और वे सभी पूरी तरह से सही पाए गए. चुनाव प्रक्रिया की सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, यह स्पष्ट हो गया कि अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन ही एकमात्र उम्मीदवार थे. चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी बताया.