आयरलैंड दौरे से नीतीश कुमार रेड्डी हुए बाहर, BCCI ने इस खिलाड़ी को टीम इंडिया में दी जगह

Suryansh Shedge: भारत के आयरलैंड दौरे की शुरुआत से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है. बीसीसीआई ने चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल करने का फैसला किया है.

Nitish Kumar Reddy ruled out BCCI names Suryansh Shedge in Team India squad
Image Source: Social Media

Suryansh Shedge: भारत के आयरलैंड दौरे की शुरुआत से पहले टीम इंडिया में बड़ा बदलाव हुआ है. बीसीसीआई ने चोटिल नीतीश कुमार रेड्डी की जगह युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में शामिल करने का फैसला किया है. सूर्यांश अब आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ-साथ इंग्लैंड दौरे पर होने वाली व्हाइट बॉल सीरीज में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे.

श्रीलंका में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

सूर्यांश शेडगे हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर खेले थे. वहां आयोजित ट्राई सीरीज में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया. उन्होंने 5 मैचों में 147 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72 रन रहा. बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने 2 विकेट भी अपने नाम किए. ट्राई सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों की सूची में वह वैभव सूर्यवंशी के बाद दूसरे स्थान पर रहे.

BCCI ने क्या कहा?

बीसीसीआई ने बताया कि नीतीश कुमार रेड्डी को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के दौरान क्वाड्रीसेप्स में चोट लगी थी. चोट के कारण उन्हें रिहैब प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसी वजह से वह आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों दौरों से बाहर हो गए हैं. नीतीश की जगह चयनकर्ताओं ने सूर्यांश शेडगे को टीम में मौका दिया है.

आक्रामक बल्लेबाजी है सबसे बड़ी ताकत

सूर्यांश शेडगे घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेलते हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी थीं. उस टूर्नामेंट में उन्होंने 252.92 की शानदार स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे.

IPL में भी दिखाया दम

आईपीएल 2026 में भी सूर्यांश शेडगे ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया था. पंजाब किंग्स के लिए खेले 7 मैचों में उन्होंने 175 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 12 छक्के भी निकले. उनकी तेज रन बनाने की क्षमता और ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें टीम इंडिया में बड़ा मौका मिला है.

अब सभी की नजर होगी सूर्यांश पर

युवा ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे के पास अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अच्छा प्रदर्शन कर वह भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे.

ये भी पढ़ें- आधार कार्ड, एफडी से लेकर रेल यात्रा तक... 1 जुलाई से बदले जाएंगे कई नियम, आपकी जेब पर क्या होगा असर?